‘मैंने सबको मार दिया’…जमशेदपुर में दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड! रिटायर्ड टाटा कर्मी ने पत्नी; बेटे और गर्भवती बेटी की कुल्हाड़ी से की हत्या

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर 2 स्थित क्वार्टर नंबर 13 की है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील से इसी साल फरवरी में रिटायर हुए रविंद्र प्रसाद सिंह ने मामूली घरेलू विवाद के बाद खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटे रविशेक कुमार (30) और गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह (31) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से पैसों और अन्य मुद्दों को लेकर तनाव चल रहा था, जो सोमवार को अचानक बढ़ गया और आरोपी ने अपना आपा खो दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद रविंद्र सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी और बताया कि उसने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों को मार दिया है।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने घर से तीनों शव बरामद कर लिए और पूरे क्वार्टर को सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतक बेटी सुप्रिया गर्भवती थी और अपने मायके आई हुई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग सदमे में हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
No comments