HP Weather : हिमाचल में 17 मई तक बारिश-अंधड़ का अलर्ट, जानिए अपने यहां का हाल

हिमाचल प्रदेश में मई महीने में भी मौसम के तीखे तेवर जारी हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार रात तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। शिमला, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना जिलों में आधी रात के दौरान तेज हवाएं चलीं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 15 मई तक बारिश, आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 मई तक मौसम खराब बने रहने का अनुमान जताया गया है।
विभाग के अनुसार 12 मई को कई इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 13, 14 और 15 मई को भी बारिश, अंधड़ और बिजली चमकने का यलो अलर्ट रहेगा।
गुलेर और पंडोह में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान गुलेर और पंडोह में सबसे अधिक 41-41 एमएम, कांगड़ा में 32, सराहन में 30, जोगिंद्रनगर में 29, घुमारवीं में 27, भुंतर और पालमपुर में 25-25, भरेड़ी में 24, मंडी में 22 , खदराला में 20 और देहरा गोपीपुर में 18 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला, सुंदरनगर, जोत, कांगड़ा, भुंतर, मुरारी देवी और जुब्बड़हट्टी में बिजली चमकने की घटनाएं भी सामने आईं है।
न्यूनतम तापमान
शिमला 15.8, सुंदरनगर 17.3, भुंतर 15.1, कल्पा आठ, धर्मशाला 10.9, ऊना 18.6, नाहन 16.5, केलांग 4, पालमपुर 14, सोलन 16, मनाली 11.6, कांगड़ा 17.3, मंडी 17.7, बिलासपुर 19, कुकुमसेरी 6.9 और कुफरी में 8.6 डिग्री रिकॉर्ड
No comments