Recent Posts

Breaking News

ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर मौत; परिवारों में मचा कोहराम

Lakhimpur Kheri : लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज-गोला मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। झाऊपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बांकेगंज की भारत भूषण कॉलोनी निवासी आलेख कुमार 27 पुत्र रामनिवास तथा कुम्हारन टोला निवासी नमन शुक्ला 28 पुत्र सुरेश चंद्र, अलीगंज के बांसी स्थित एक स्कूल में कार्यरत थे। सोमवार को दोनों बाइक से गोला की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक झाऊपुर मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। चश्मदीद अधिवक्ता राधेश्याम ने बताया कि उन्होंने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन काफी देर तक संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बांकेगंज पुलिस ने समय बर्बाद न करते हुए एक ई-रिक्शा की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांकेगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में दोनों युवकों के मोबाइल फोन पूरी तरह टूट गए थे, जिसके कारण पुलिस को उनकी शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की जांच और सामान की तलाशी के बाद पुलिस उनके परिजनों तक पहुंच सकी।

मृतक नमन शुक्ला शादीशुदा थे और अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता सुरेश चंद्र बदहवास हो गए। उन्होंने रोते हुए कहा, “मेरा एक ही बेटा था, वह भी चला गया। मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई।” वहीं, नमन की पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरे मृतक आलेख कुमार की अभी शादी नहीं हुई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

No comments