Recent Posts

Breaking News

चंदौली में खूनी तांडव: 24 घंटे में तीन कत्ल से सनसनी, साइको किलर होने की आशंका; ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा

चंदौली : 24 घंटे के भीतर हुई तीन सनसनीखेज हत्याओं ने पूरे जिले को दहला दिया है। तीनों घटनाओं में हत्यारे ने बेहद नजदीक से सिर में गोली मारकर हत्या की। लगातार हुई वारदातों के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस अधीक्षक ने आशंका जताई है कि आरोपी “साइको किलर” हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार प्रातः कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में व्यासनगर के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने युवक के सिर में गोली मारी और बैग लेकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर वाराणसी जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

इसके कुछ घंटे बाद दूसरी वारदात अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक हॉस्पिटल में हुई। यहां एक युवक पहले मरीज बनकर अस्पताल पहुंचा। उसने डॉक्टर से उच्च रक्तचाप और पेट दर्द की दवा लिखवाई। इसके बाद वह वार्ड में भर्ती बिहार के भभुआ निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मीना देवी के पास पहुंचा। महिला का दो दिन पहले ऑपरेशन हुआ था। आरोपी ने महिला की कनपटी पर सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी दोनों हाथों में असलहा लेकर भागने लगा। अस्पताल परिसर और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की और बाद में पुलिस को सौंप दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि तीनों घटनाओं में अपराधी ने सिर में गोली मारकर हत्या की है। पुलिस सभी मामलों को जोड़कर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान डॉक्टर के पर्चे के आधार पर वीरेंद्र के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी “साइको किलर” हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

गौरतलब है कि रविवार को भी तारीघाट पैसेंजर एक्सप्रेस में एक युवक की करीब से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब 24 घंटे के भीतर लगातार तीन हत्याओं ने जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। वहीं, आमजन के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

No comments