Recent Posts

Breaking News

टायर में हवा भरवाने के पैसे मांगने पर चालक पर चाकू से हमला

  • लेनदेन को लेकर हुआ विवाद, गंभीर हालत में युवक मुरादाबाद रेफर
  • आरोपी को पुलिस ने भीड़ से बचाकर अस्पताल में कराया भर्ती

Moradabad : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर क्षेत्र के डींगरपुर में टायर में हवा भरवाने के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में ट्रक चालक ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर किया गया है। वहीं भीड़ ने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना रात करीब 8:40 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार इस्तकार पुत्र कय्यूम के यहां ट्रक नंबर यूपी 21 बीएन 7978 का चालक करीम पुत्र इस्माइल जिला रामपुर के डंडई अपने ट्रक के पहिये में हवा भरवाने पहुंचा था। हवा भरवाने के बाद पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक करीम ने ट्रक के केबिन से चाकू निकाल लिया और इस्तकार पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू लगने से इस्तकार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद घायल का भाई अहसान और साला मुशर्रफ परवेज ने बीच-बचाव कर किसी तरह आरोपी ट्रक चालक करीम जिला रामपुर के चंगुल से उसे बचाया। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी चालक की पिटाई कर दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गंभीर रूप से घायल इस्तकार को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकार बिलारी अशोक कुमार ने मैनाठेर के डींगरपुर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया।

No comments