अफेयर के शक में पत्नी को दे दी मौत की सजा, ट्रॉली बैग में भरकर फेंका शव; लखनऊ में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा पति

- लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात: अफेयर के शक में पत्नी की हत्या, शव फेंका
- चिनहट इलाके में सामने आया सनसनीखेज मामला, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर अफेयर के शक में हत्या कर दी और फिर शव को ट्रॉली बैग में भरकर इंदिरा डैम के पास फेंक दिया। इसके बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा, लेकिन बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को उस पर शक हो गया।
थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 24 वर्षीय यास्मीन के रूप में हुई है, जिसकी शादी छह साल पहले चिनहट निवासी अल्ताफ उर्फ कल्लू से हुई थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं। 14 मई की सुबह करीब 8 बजे अल्ताफ चिनहट थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। पुलिस ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो वह लगातार अपने बयान बदलता रहा, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी यास्मीन का किसी करीबी रिश्तेदार से अफेयर चल रहा है, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 13 मई की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद 14 मई की तड़के करीब 4 बजे उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।
ट्रॉली बैग में भरकर इंदिरा डैम के पास फेंका शव
आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को ट्रॉली बैग में भर दिया और करीब एक घंटे बाद उसे ई-रिक्शा से इंदिरा डैम ले गया। वहां उसने बैग को झाड़ियों में फेंक दिया और वापस घर लौट आया। इसके बाद उसने परिजनों को बताया कि यास्मीन घर से लापता हो गई है। परिजनों की सलाह पर वह थाने पहुंचा और गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने बरामद किया शव, आरोपी हिरासत में
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे इंदिरा डैम के पास ले गई, जहां झाड़ियों से ट्रॉली बैग में बंद शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी अल्ताफ को हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता मोहम्मद सईद ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति और ससुराल पक्ष ने मिलकर की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि यास्मीन घर छोड़कर चली गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
No comments