शराब में सल्फास मिलाकर बुझा दिया सुहाग, काशीपुर में हत्या कर शव ठिकाने लगाने वाली गुड्डी और प्रेमी राहुल सलाखों के पीछे!.

काशीपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शव को एसडीआरएफ की मदद से बरामद कर लिया है।
एसएसपी अजय गणपति ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला (थाना स्वार, जिला रामपुर) निवासी चंद्रवती ने 1 मई को आईटीआई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनका बेटा कुलवंत सिंह 25 अप्रैल को यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने काशीपुर जा रहा है, जिसके बाद से वह लापता है।
शुरुआती जांच में जब मृतक की पत्नी गुड्डी से पूछताछ की गई तो उसने भी बताया कि वह घर जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और जांच में सामने आया कि उसी दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था और कुछ लोगों ने कुलवंत सिंह को कार में जबरन ले जाते हुए देखा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी गुड्डी का व्यवहार संदिग्ध था और उसका कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी, स्वार (रामपुर) के साथ प्रेम संबंध था। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर भी यह पुष्टि हुई कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे।
सख्ती से पूछताछ में गुड्डी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और उसे प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने सल्फास, शराब, बीयर और गिलास मंगवाकर शराब में जहर मिलाया और कुलवंत को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कार में डालकर एनएच-74 बाईपास पुल से नहर में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
No comments