Recent Posts

Breaking News

थाने में घड़ियाली आंसू बहा रही थी पत्नी, कॉल डिटेल ने खोला खौफनाक राज; पति के हत्यारे निकले दो प्रेमी

पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। जिस पति को खोजने के लिए एक पत्नी थाने के चक्कर काट रही थी, पुलिस की जांच में वही उसकी कातिल निकली। जानकीनगर थाना क्षेत्र के रमजानी गांव में रहने वाले राजेंद्र मंडल की हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उसकी पत्नी और उसके दो प्रेमियों की खौफनाक साजिश थी। पुलिस ने जब पत्नी की कॉल हिस्ट्री खंगाली, तो एक के बाद एक ऐसे राज खुले कि अधिकारी भी दंग रह गए।

घर बनाने लौटा था पति, मौत बनकर खड़ी थी पत्नी
मृतक राजेंद्र मंडल बिहार से बाहर रहकर मजदूरी करता था। वह अपनी मेहनत की कमाई जोड़कर गांव में घर बनाने के सपने के साथ वापस आया था। उसने घर बनवाने के लिए अपनी पत्नी गणिता देवी को पैसे दिए थे, लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी गैर-मौजूदगी में गणिता ने उन पैसों को अपने दो आशिकों सुमन कुमार और रंजीत कुमार पर लुटा दिया है। जब राजेंद्र ने पैसों का हिसाब मांगा और शक होने पर पत्नी की पिटाई की, तो गणिता ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

‘शराब पार्टी’ और फिर मौत का खौफनाक तांडव
5 मई को रची गई इस साजिश के तहत गणिता अपने पति को बाजार ले गई। वापसी में उसने अपने दोनों प्रेमियों को पहले ही सूचना दे दी थी। योजना के मुताबिक, रमजानी रेलवे फाटक के पास सुमन और रंजीत मिले और राजेंद्र को शराब पार्टी का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसे जमकर शराब पिलाई गई और जब राजेंद्र पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो तीनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और लाश को हल्दीबाड़ी के पास बर्णेश्वर वितरणी नहर की झाड़ियों में फेंक दिया।

थाने में बहाए आंसू, पर एक गलती से पकड़ी गई
हत्या के बाद गणिता ने किसी सधे हुए अपराधी की तरह पुलिस को गुमराह करना शुरू किया। उसने खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और रो-रोकर पुलिस से उसे ढूंढने की गुहार लगाने लगी। लेकिन जब नहर के पास से राजेंद्र का सड़ा-गला शव मिला, तो पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान (Technical Surveillance) का सहारा लिया और गणिता के मोबाइल की जांच की।

कॉल डिटेल्स ने खोले राज, सलाखों के पीछे पहुंचे तीनों
जांच में पता चला कि जिस वक्त राजेंद्र लापता हुआ और जहां उसकी लाश मिली, वहां गणिता के दोनों प्रेमियों के मोबाइल लोकेशन एक्टिव थे। साथ ही गणिता लगातार उन दोनों से संपर्क में थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो गणिता ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। उसने बताया कि मारपीट का बदला लेने और अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति को खत्म करने के लिए उसने यह कदम उठाया।

बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पत्नी गणिता देवी और उसके दोनों प्रेमियों सुमन और रंजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है।

No comments