HP News: दूल्हे को लगती रही हल्दी, दुल्हन प्रेमी के साथ चल दी, रोकनी पड़ी शादी

उपमंडल अंब के तहत एक गांव में उस समय हडक़ंप मच गया, जब शादी की खुशियां अचानक मातम जैसे माहौल में बदल गई। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और दूल्हे को हल्दी लगाने की रस्म अदा की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लडक़े वालों के घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा हुआ था और शादी को लेकर सभी बेहद उत्साहित थे। इसी बीच अचानक दुल्हन के फरार होने की खबर सामने आई, जिससे पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई और समारोह बीच में ही रोकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी तय होने के बावजूद दोनों संपर्क में थे और मौका मिलते ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। घटना के बाद दूल्हे पक्ष के लोग स्तब्ध रह गए और परिवार को भारी सामाजिक व मानसिक आघात पहुंचा है।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। लडक़ी के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी भी स्थिति की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर संदेह के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सभी पुलिस थानों को सूचित कर दिया है और जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा।
No comments