'मैं राहुल गांधी का PA बाेल रहा हूं…' ये कहकर कनिष्क ने देहरादून की भावना पांडे को लगाया फोन फिर ऐसे ठग लिए 25 लाख.

Dehradun Chunav Ticket Scam Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सहायक (PA) बताकर महिला को पद और विधानसभा चुनाव का टिकट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए. पीड़ित महिला के मुताबिक, आरोपी ने पहले उसे भरोसे में लेने के लिए राज्य के कई बड़े नेताओं से बातचीत की कथित ऑडियो भी सुनाई. इन बातों पर यकीन कर महिला ने आरोपी को पैसे ट्रांसफर कर दिए, लेकिन धोखाधड़ी का एहसास होने के बाद जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा. इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
सबसे पहले जानिए पूरा मामला?
दरअसल, राजपुर थाना इलाके की रहने वाली भावना पांडेय ने कनिष्क नामक व्यक्ति पर 25 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है. पीड़ित महिला की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने फोन पर संपर्क किया और कहा कि मैं राहुल गांधी का PA हूं. महिला के मुताबिक, आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए कथित तौर पर हरीश रावत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और गणेश गोदियाल की आवाज भी सुनाई. इससे महिला को यकीन हो गया कि वो सही लोगों से जुड़ी हुई है.
महिला ने आरोपियों को दिए 25 लाख
इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि उसके कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में ठहरे हुए हैं. वो पीड़िता को इसके जरिए विधानसभा चुनाव का टिकट दिला सकता है. इसी झांसे में आकर महिला से पैसों की मांग की गई. पीड़िता ने बताया कि उसने 13 अप्रैल 2026 को अपने बैंक खाते से करीब 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और लगभग 5 लाख रुपये नकद दिए. इसके अलावा महिला ने आरोपी के एक और साथी को भी अलग-अलग किस्तों में पैसे दिए. कनिष्क ने इसे महाराष्ट्र का विधायक बताया था. इस तरह कुल मिलाकर महिला ने करीब 25 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए.
नहीं करवाया काम तो महिला ने वासप मांगे पैसे
हालांकि, पैसे देने के बाद भी आरोपी ने कोई काम नहीं कराया और लगातार टालमटोल करता रहा. महिला ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कई बार अलग-अलग तारीखें देकर पैसे लौटाने का भरोसा दिया. महिला ने बताया कि आरोपी कई दिनों तक ऐसा ही करता रहा. इसके बाद से फिर उससे संपर्क ही नहीं हो पाया.
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
पीड़िता का आरोप है कि ये एक संगठित गिरोह है जो लोगों को चुनावी टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करता है. उन्हाेंने कहा कि इसमें कई लोग शामिल हैं. अब फिलहाल महिला ने राजपुर थाना में मामला दर्ज करवाया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
No comments