Recent Posts

Breaking News

‘साहब, मुझे वापस कांस्टेबल बना दो…’, दिल्ली पुलिस के SI को रास नहीं आई अपनी ‘पावर’! मांगी सिपाही की वर्दी.

 

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां करावल नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) मनीष ने खुद ही अपने पद से डिमोशन की मांग कर दी। उन्होंने विभाग को पत्र लिखकर आग्रह किया कि उन्हें वापस कांस्टेबल बना दिया जाए, जिससे सभी अधिकारी भी चौंक गए।

जानकारी के अनुसार, मनीष पहले दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे और बाद में विभागीय परीक्षा पास कर सब-इंस्पेक्टर बने थे। लेकिन प्रमोशन के बाद बढ़ी जिम्मेदारियों और काम के दबाव के चलते वह मानसिक रूप से असहज महसूस करने लगे।

मनीष ने अपने पत्र में लिखा कि वह कांस्टेबल रहते हुए अधिक संतुष्ट थे और अब उन्हें फिर से उसी पद पर वापस भेज दिया जाए। बताया जा रहा है कि वह आगे किसी बड़ी परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं, और SI पद की व्यस्तता के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए समय नहीं मिल पा रहा था।

इस अनोखी अर्जी पर विभाग भी हैरान रह गया, लेकिन उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने उनकी इच्छा को स्वीकार करते हुए डिमोशन के आदेश जारी कर दिए। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले पर रिपोर्ट भी तलब की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इसके पीछे कोई अनुशासनात्मक या अन्य कारण तो नहीं है।

फिलहाल यह मामला विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि आमतौर पर लोग प्रमोशन चाहते हैं, लेकिन यहां एक अधिकारी ने खुद ही पद घटाने की मांग कर सबको चौंका दिया।

No comments