Recent Posts

Breaking News

दिल्ली से गगल का हवाई किराया 16 हजार, धर्मशाला वनडे सीरीज का असर, किराए में भारी बढ़ोतरी

13 जून से धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने जा रही भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मैच देखने के लिए देश भर से आने वाले क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ती मांग के बीच विमानन कंपनियों ने हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। स्थिति यह है कि सामान्य दिनों में 5500 से 7000 रुपए के बीच मिलने वाला दिल्ली-धर्मशाला (गगल) का इकोनॉमी क्लास टिकट अब 16 हजार रुपए से अधिक तक पहुंच गया है। 

जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में दिल्ली से धर्मशाला आने वाली उड़ानों के किराए लगातार बढ़ रहे हैं। इंडिगो एयरलाइंस की शुक्रवार सुबह 6:50 बजे दिल्ली से धर्मशाला के लिए उड़ान का प्रति व्यक्ति किराया 16164 रुपए तक पहुंच गया है। वहीं स्पाइसजेट की सुबह 10:40 बजे संचालित उड़ान का किराया 10843 रुपए तथा दोपहर 12:30 बजे की उड़ान का किराया 13477 रुपए दर्शाया जा रहा है। 

दूसरी ओर एलायंस एयर की शिमला-गगल उड़ान का किराया 4125 रुपए है। गौरतलब है कि वर्तमान में कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर पांच विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। इनमें स्पाइसजेट की चार उड़ानें, इंडिगो एयरलाइंस की तीन उड़ानें तथा एलायंस एयर की शिमला-गगल सेवा शामिल है। 

क्रिकेट सीरीज के चलते टिकटों की मांग बढऩे से यात्रियों को भारी जेब ढीली करनी पड़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि मैच के नजदीक आते-आते किराए में और बढ़़ोतरी हो सकती है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को अंतिम समय में टिकट बुक कराने पर और अधिक खर्च उठाना पड़ सकता है। उधर, पर्यटन सीजन ने भी हवाई किराया बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। हवाई किराया मैच के दौरान और अधिक बढ़ सकता है।

No comments