Recent Posts

Breaking News

मानसून की एंट्री हुई बदला मौसम का मिजाज! 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों को मिलेगी गर्मी से राहत

नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब भारत में प्रवेश करने की दहलीज पर पहुंच चुका है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मानसून आज या अगले 12 घंटों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

आईएमडी ने अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 17 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

केरल में मानसून की एंट्री, कई राज्यों में असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, केरल में मानसून पहुंचने के बाद अगले छह से सात दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसका प्रभाव तमिलनाडु, कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों में भी दिखाई देगा। इन राज्यों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

दिल्ली में आंधी और बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर बाद या शाम के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। 5 और 6 जून को भी दिल्ली में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। पश्चिमी यूपी में हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और सोनभद्र समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जून तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 जून को लू का असर भी देखने को मिल सकता है।

बिहार में लू और बारिश दोनों का असर

बिहार में 4 और 5 जून को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 6 जून से परिस्थितियां बदल सकती हैं। गोपालगंज, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं भागलपुर, सुपौल, कटिहार और किशनगंज में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है। 5 से 9 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजस्थान में धूल भरी आंधी और ओलों की संभावना

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 4 और 5 जून को आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी की भी संभावना है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 4 से 6 जून के बीच कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर राज्यों में उमस बढ़ाएगी परेशानी

असम, मेघालय, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ अन्य राज्यों में गर्मी के साथ उमस भरा मौसम बना रह सकता है। हालांकि कई क्षेत्रों में हल्की बारिश से राहत मिलने की संभावना भी है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और कृषि कार्यों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मानसून की दस्तक के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम सुहाना होने की उम्मीद है, लेकिन आंधी, बिजली और भारी बारिश को देखते हुए सतर्कता बरतना भी बेहद जरूरी होगा।

No comments