Recent Posts

Breaking News

ट्यूशन टीचर का ‘खूनी इश्क’: छात्रा के प्यार में अंधा हुआ पति, फरीदाबाद में 18 साल पुराना रिश्ता मर्डर मिस्ट्री में बदला

फरीदाबाद (हरियाणा)। सेक्टर-7 इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान सविता तेवतिया के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 18 साल पहले उत्तर प्रदेश के जेवर निवासी संदीप से हुई थी। इस मामले में पति, उसकी कथित प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।

परिजनों का आरोप है कि संदीप का एक कोचिंग में आने वाली छात्रा से संबंध बन गया था, जो उस समय नाबालिग थी। धीरे-धीरे यह रिश्ता आगे बढ़ता गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती रहीं। परिवार का कहना है कि इसी रिश्ते को लेकर घर में लंबे समय से तनाव और विवाद का माहौल बना हुआ था।

मृतका के परिजनों ने बताया कि उन्होंने कई बार इस संबंध को लेकर आपत्ति जताई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि कथित प्रेमिका अक्सर घर आती थी और सविता को धमकी भी देती थी। इससे सविता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

घटना के बाद मृतका के पति संदीप के गायब होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि सविता की मौत सामान्य नहीं है और इसमें किसी बड़ी साजिश की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने परिवार को निर्दोष बताते हुए कहा कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। उनके अनुसार, वे रिश्तेदार के निधन के कारण जेवर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि दिन में उनकी सविता से फोन पर बात भी हुई थी।

परिवार का कहना है कि घर में काम कर रहे एक मिस्त्री ने फोन कर बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है, जिसके बाद पड़ोसी को भेजा गया। अंदर जाकर देखने पर सविता फंदे से लटकी मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति संदीप, उसकी कथित प्रेमिका और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments