सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, 40 से 50 KM रफ्तार से चलेंगी हवाएं, हिमाचल में छह दिन बारिश

हिमाचल में गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है, रातें भी सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित करेगा और 16 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है, जिसके चलते कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है।
आज और कल कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। इन दिनों के लिए येलो तथा कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। फिर 13 जून को भी कई स्थानों पर गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 14 जून को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। 15 और 16 जून को भी प्रदेश के विभिन्न भागों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पांवटा की रातें बेहद गर्म
न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार पांवटा साहिब 29.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रात वाला क्षेत्र रहा। इसके बाद देहरा गोपीपुर 26.0, बिलासपुर 25.5, नेरी 24.0, मंडी 22.1, जुब्बड़हट्टी 22.0, कांगड़ा 21.6, ऊना 21.2, सुंदरनगर और बरठीं 20.6, शिमला 19.4, सोलन 19.0, धर्मशाला 18.8, नाहन 18.3, पालमपुर 17.0, भुंतर 16.9, चंबा 16.5, सराहन 15.6, सिओबाग 14.6, मनाली 14.5, भरमौर 14.0, कुफरी 13.7, कल्पा 8.6, ताबो 7.1, कुकुमसेरी 6.6 और केलांग में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री और मनाली का 2.3 डिग्री अधिक रहा, जिससे रात के समय भी लोगों को अपेक्षित ठंडक नहीं मिल सकी।
ऊना का पार 43 डिग्री पार
ऊना 43.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद हमीरपुर जिला के नेरी 39.9, कांगड़ा 38.5, मंडी 38.5, सुंदरनगर 38.4, बरठीं 38.0, भुंतर 36.4, नाहन 36.1, धर्मशाला 35.0, जुब्बड़हट्टी 31.6, शिमला 28.3, मनाली 28.0, ताबो 25.2, केलांग 23.9, कल्पा 23.7 और कुफरी में 23.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिल स्टेशनों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक और मनाली का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सामान्य तौर पर सुहावने माने जाने वाले इन पर्यटन स्थलों पर भी लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है।
No comments