Recent Posts

Breaking News

मां ने तीन मासूम बेटियों को खांसी की दवा कहकर पिलाया कीटनाशक, फिर खुद भी खाया जहर; चारों की मौत

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र स्थित हिरवाह गांव से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों को खांसी की दवा बताकर कथित तौर पर कीटनाशक पिला दिया और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया। इस घटना में मां समेत चारों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय अनीता सिंह अपनी तीन बेटियों—7 वर्षीय रितिका, 4 वर्षीय कृष्णकुमारी और 2 वर्षीय अर्पिता—के साथ गांव में रहती थी। उसका पति ट्रक चालक है और काम के सिलसिले में हैदराबाद में रहता था। घटना के समय घर में केवल मां और तीनों बच्चियां मौजूद थीं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पहले अपनी बेटियों को खांसी की दवा बताकर कीटनाशक पिलाया और फिर स्वयं भी वही जहर निगल लिया। इसके बाद उसने घर में रखे कपड़े, जरूरी दस्तावेज, परिवार की तस्वीरें और अनाज तक में आग लगा दी। पुलिस का मानना है कि महिला किसी गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही हो सकती है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि बड़ी बेटी रितिका कुछ समय तक होश में रही। उसने लड़खड़ाते हुए घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को बताया कि उनकी मां ने उन्हें दवा के नाम पर कुछ पिलाया है। पड़ोसी तत्काल सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने अनीता और उसकी दो छोटी बेटियों को मृत घोषित कर दिया। बाद में इलाज के दौरान रितिका ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच जारी है।

No comments