बुरे फंसे पटना के खान सर…! कोचिंग सेंटर हो सकता है सील, गिरफ्तारी का भी डर

Bihar : बिहार के पटना के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) कोचिंग इंस्टीट्यूट के संचालक फैसल खान उर्फ खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की आशंका के बीच फैसल खान ने पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर नहीं करने का फैसला किया है। उनके वकील अरविंद कुमार महुआर ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खान सर की ओर से सोमवार को अग्रिम जमानत याचिका दायर की जाएगी, जिससे वह गिरफ्तारी से राहत पाने की कोशिश करेंगे।
वकील ने बताया, ‘अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की अंतिम तिथि शनिवार को समाप्त हो गई थी। अब कानूनी प्रक्रिया के तहत सोमवार को यह याचिका अदालत में जमा कराई जाएगी। खान सर सरेंडर नहीं करेंगे।’ यह मामला 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हुए हमले, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना से जुड़ा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग कोचिंग सेंटर के बाहर ईंट-पत्थर फेंकते और पोस्टर फाड़ते दिखाई दिए थे।
इसके अलावा, कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। खान सर ने रौशन आनंद, जो ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग सेंटर के संचालक हैं, पर इस हमले और फायरिंग का आरोप लगाया था। रौशन आनंद की शिकायत पर पटना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उन्होंने अपने बचाव में कहा था कि खान सर ने उन्हें फंसाने की साजिश रची है। वहीं, पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फायरिंग का प्रयास कोचिंग सेंटर के गार्ड्स ने किया था।
पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के दो गार्ड्स को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बीच ऐसा माना जा रहा था कि खान सर सरेंडर कर सकते हैं, लेकिन उनके वकील ने इस संभावना को खारिज किया है।
खान सर ने पहले रौशन आनंद पर आरोप लगाया था कि उसने कोचिंग सेंटर में फायरिंग की है, लेकिन जब जांच में पता चला कि फायरिंग का प्रयास गार्ड्स ने किया था, तो उन्होंने अपने बयान में बदलाव किया। उन्होंने कहा कि गार्ड्स ने सेल्फ डिफेंस में हवाई फायरिंग की थी, ताकि उपद्रवियों को मौके से भगाया जा सके।
वहीं, कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन भी पाया गया है। बिहार फायर सर्विस के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खान ग्लोबल स्टडीज में फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन पाया गया है। उन्होंने कहा कि कोचिंग सेंटर में कई खामियां पाई गई हैं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में ये खामियां दूर नहीं की गईं, तो डिस्ट्रिक्ट फायर ऑफिसर को कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील करने सहित अन्य कानूनी कदम उठाने का अधिकार है।
No comments