Recent Posts

Breaking News

पहले पत्नी को मारी गोली, फिर पति ने खुद को उड़ाया; भाई के फोन से खुला रिश्तों का काला सच… मथुरा में डबल डेथ मिस्ट्री

  • झांसी के दतिया निवासी दंपती के बीच कोर्ट में चल रहा था मुकदमा
  • पांच-छह दिन पहले मथुरा आई थी महिला, शुक्रवार को पहुंचा था पति
  • फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस कर रही मामले की जांच

मथुरा। जिले में पारिवारिक कलह और वैवाहिक विवाद के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। झाँसी के दतिया क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने अपनी ही पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका पूखन पिछले ५-६ दिनों से यहां रह रही थी। उसका अपने पति मिथुन के साथ पिछले काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था, जिसका मामला कोर्ट में भी लंबित है। दोनों की शादी करीब ४-५ साल पहले हुई थी। शुक्रवार को मिथुन अचानक अपनी पत्नी के पास पहुंचा और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मिथुन ने आपा खो दिया और अपनी पत्नी को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद के सिर में भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस की फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के भाई के फोन से खुला विवाद का राज

वारदात के बाद जब पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू की, तो मृतक मिथुन के मोबाइल पर उसके भाई का फोन आया। पुलिस ने जब फोन पर बात की, तब जाकर इस बात का खुलासा हुआ कि दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से गंभीर पारिवारिक और वैवाहिक विवाद (मैट्रीमोनियल डिस्प्यूट) चल रहा था। भाई के मुताबिक, करीब ४-५ साल पहले दोनों का विवाह हुआ था, लेकिन आपसी अनबन के कारण मामला कोर्ट तक पहुंच गया था।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मौके पर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को बुला लिया। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहाँ से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन साक्ष्यों का फॉरेंसिक लैब में परीक्षण कराया जाएगा, ताकि वारदात की कड़ियों को पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके।

मथुरा के एसपी सिटी राजीव कुमार ने कहा, “एक गोली चलने की घटना प्रकाश में आई थी, जिस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ और मृतक के मोबाइल पर आए उसके भाई के फोन से पता चला है कि पूखन और मिथुन, जो झाँसी के दतिया के रहने वाले हैं, की शादी ४-५ साल पहले हुई थी। इनके बीच पारिवारिक और वैवाहिक विवाद चल रहा था, जो कोर्ट में भी लंबित है। महिला यहाँ ५-६ दिनों से रह रही थी और मिथुन आज ही यहाँ आया था। उसने अचानक पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। प्रथम दृष्टया यह फायरआर्म इंजरी का मामला है। फील्ड यूनिट साक्ष्यों को एकत्र कर रही है, जिनका फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पंचायतनामे की कार्रवाई की जा रही है।”

No comments