ढोंगी बाबा ने प्रसादी दूध में नशाली पदार्थ मिलाकर छात्रा से किया दुष्कर्म, राधाकुंड में गीता ज्ञान की आड़ में युवतियों का यौन शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

- छत्तीसगढ़ की नर्सिंग छात्रा को प्रसादी दूध में दिया नशा, विहिप कार्यकर्ताओं की मदद से पुलिस ने दबोचा
मथुरा : थाना गोवर्धन क्षेत्र के कस्बा राधाकुंड में गीता ज्ञान देने के नाम पर और ब्रेनवॉश कर युवतियों का शारीरिक शोषण व दुष्कर्म करने वाले एक शातिर ढोंगी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को धार्मिक समूह का प्रमुख बताकर बिलासपुर, जबलपुर और रायपुर जैसे शहरों से शिक्षित युवक-युवतियों को अपने जाल में फंसाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस पूरे हाईप्रोफाइल रैकेट का भंडाफोड़ तब हुआ जब कानपुर से आए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं और पीड़िता के परिजनों ने गोवर्धन पुलिस के साथ मिलकर राधाकुंड में छापेमारी की।
जन्मदिन मनाने आई नर्सिंग छात्रा को पिलाया नशीला दूध
जानकारी के अनुसार,छत्तीसगढ़ की रहने वाली बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा मथुरा आईओसीएल में इंटर्नशिप कर रही अपनी बड़ी बहन से मिलने 15 मई को राधाकुंड आई थी। 17 मई को दोनों बहनों का जन्मदिन था, जिसे वे साथ मनाना चाहती थीं। बड़ी बहन राधाकुंड के गाड़िया मोहल्ले में किराए पर रहती थी और आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास की कीर्तन मंडली में जुड़ी थी। 15 मई की रात जब बड़ी बहन कीर्तन में गई थी, तब आरोपी अभिषेक कमरे पर आया। उसने पीड़िता को भगवान का प्रसाद बताते हुए जबरन दूध पिला दिया। दूध पीने के एक घंटे बाद युवती बेहोश हो गई और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह विरोध करने पर आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
वीडियो वायरल करने की धमकी दी, एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ केस
डरी-सहमी पीड़िता छत्तीसगढ़ अपने घर लौट गई और गुमसुम रहने लगी। मां-पिता के कुरेदने पर उसने आपबीती सुनाई। इस बीच आरोपी अलग-अलग नंबरों से फोन कर नहाने का वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बाद परिजनों ने मथुरा पहुंचकर एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर थाना गोवर्धन में आरोपी के खिलाफ धारा 75(2), 76, 351(2) और 308(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विहिप कार्यकर्ताओं ने किया रैकेट का भंडाफोड़, चंगुल से छूटीं दो युवतियां
विहिप कार्यकर्ता राजेश गिरी ने बताया कि वे इस रैकेट को पकड़ने के लिए एक महीने से जुटे थे, लेकिन स्थानीय पुलिस से सहयोग नहीं मिल रहा था। सोमवार को जब परिजनों और विहिप कार्यकर्ताओं का धैर्य टूट गया, तो वे पुलिस को साथ लेकर राधाकुंड स्थित शेरगढ़िया (गोविंदपुरी) मोहल्ले में आरोपी के ठिकाने पर पहुंचे। वहां से पुलिस ने आरोपी अभिषेक को दबोच लिया। मौके से दो अन्य युवतियों को नशे की हालत में मुक्त कराया गया, जिन्हें उपचार और काउंसलिंग के लिए नशा मुक्ति केंद्र आगरा भेजा गया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी अब तक करीब 16 लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है और उसके तार इस्कॉन से जुड़े हैं
मूल रूप से उड़ीसा का निवासी है आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास पुत्र डॉ. सुरेश चंद्र मूल रूप से भुवनेश्वर (उड़ीसा) के खंडगिरी अपार्टमेंट का निवासी है। वह राधाकुंड में भेष बदलकर रह रहा था। वह युवकों को शिष्य बनाकर उनका ऐसा माइंडवाश करता था कि वे उसे गुरु मान लेते थे, फिर उन्हीं के सामने गंधर्व विवाह का ढोंग रचकर युवतियों का शोषण करता था।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपी को दबोचने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, निरीक्षक शिवकुमार दोहरे, उपनिरीक्षक रजत दुबे, महिला उपनिरीक्षक विनय बौद्ध, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार, सुशील कुमार और महिला आरक्षी रितू शामिल रहीं।
अधिकारी का वर्जन
“आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास पिछले तीन वर्षों से राधाकुंड क्षेत्र में रहकर सोशल मीडिया के माध्यम से युवक-युवतियों को अपने प्रभाव में लेता था। छत्तीसगढ़ की एक युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके ठिकाने से दो युवतियों और एक युवक को भी सकुशल मुक्त कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।”
No comments