भाजपा महिला नेता संगीता रजक की गोली लगने से मौत, घर के बाहर विवाद सुलझाने पर हुआ हादसा

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता और पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात न्यू शोभापुर इलाके की है, जहां घर के बाहर हो रहे एक विवाद को शांत कराने के प्रयास में यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच संगीता रजक के घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज और शोर-शराबा कर रहे थे। आधी रात को हंगामा सुनकर संगीता रजक अपने पति बंटी रजक (पूर्व विधायक प्रतिनिधि) के साथ बाहर आईं। जब दोनों ने उपद्रवियों को फटकार लगाते हुए वहां से जाने को कहा, तो माहौल अचानक और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति को बिगड़ता देख संगीता रजक अचानक घर के भीतर गईं और अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आ गईं। वे केवल उपद्रवियों को डराकर भगाना चाहती थीं, लेकिन इसी बीच भारी हड़बड़ाहट और अफरा-तफरी के माहौल में अचानक पिस्टल का ट्रिगर दब गया। गोली सीधे संगीता के पेट में जा लगी और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत बेहद गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस सहित जिले के आला अधिकारी तुरंत मौके और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह मामला पूरी तरह दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, देर रात आखिर वो लोग कौन थे जो विवाद कर रहे थे? और विवाद की असली वजह क्या थी? इन सभी पहलुओं की पुलिस बारीकी से जांच की जा रही है।
बता दें कि संगीता रजक ने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में गोकलपुर वार्ड से भाजपा के सिंबल पर पार्षद का चुनाव लड़ा था, हालांकि मुकाबले में वे चुनाव हार गई थीं। वे आगामी चुनावों के लिए भी सक्रिय रूप से तैयारी कर रही थीं। उनके पति बंटी रजक भी क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ रखते हैं और विधायक प्रतिनिधि रह चुके हैं।
No comments