पहली पत्नी को छोड़ किन्नर से की शादी, अब तीसरी से रचा रहा था ब्याह… झांसी में बिना तलाक लिए तीन विवाह पर फंसा पति

- बिना तलाक लिए लगातार शादियां करने का आरोप, पीड़िता पहुंची एसएसपी कार्यालय
- दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और दूसरी-तीसरी शादी के सबूत सौंपकर कार्रवाई की मांग
झांसी। प्रेम विवाह के बाद खुशहाल जीवन के सपने देखने वाली एक महिला की जिंदगी उस समय संकट में पड़ गई, जब उसे पता चला कि उसके पति ने बिना तलाक दिए एक नहीं बल्कि तीन-तीन शादियां कर ली हैं। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और दूसरी-तीसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
महोबा के नयाखाना क्षेत्र निवासी महिला ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2015 में वह झांसी में बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। परिवार की सहमति के बाद 11 अक्टूबर 2015 को दोनों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हो गया।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। दहेज न मिलने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। करीब डेढ़ साल बाद उसे घर से निकाल दिया गया। उस समय उसका एक बेटा भी था।
पीड़िता ने बताया कि वह बेटे को लेकर मायके चली गई। कुछ समय बाद पति ने समझौते का भरोसा देकर उसे वापस बुला लिया, लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं आया और कुछ समय बाद उसे दोबारा घर से निकाल दिया गया।
महिला के मुताबिक, बाद में उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने एक किन्नर से विवाह कर लिया है। इसी दौरान किन्नर ने उससे संपर्क कर बताया कि पति उसके जेवर और करीब आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। महिला का दावा है कि मुलाकात के दौरान किन्नर ने उसे विवाह की तस्वीरें भी दिखाईं।
पीड़िता का आरोप है कि मामला यहीं नहीं रुका। उसे हाल ही में पता चला कि उसके पति ने अप्रैल महीने में एक और महिला से तीसरी शादी कर ली है। इस बार उसने शादी से जुड़े फोटो और वीडियो भी जुटा लिए हैं, जिन्हें उसने शिकायत के साथ पुलिस अधिकारियों को सौंपा है।
महिला ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि बिना तलाक लिए लगातार शादियां करना कानून का उल्लंघन है और उसके साथ धोखा किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
No comments