‘मेरी पत्नी का गैर मर्द से संबंध है’, देर रात घर लौटा पति, पत्नी को फोन पर बात करते देख खोया आपा; स्कार्फ से घोंटा गला, वारदात के बाद हुआ फरार.

गुरुग्राम के साइबर सिटी क्षेत्र के आईएमटी मानेसर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बांस अलियार गांव में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 37 वर्षीय नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी 36 वर्षीय पत्नी काजल देवी थी। दोनों मूल रूप से मजदूर थे और चार बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। घटना वाली रात उनके चारों बच्चे मकान की छत पर सो रहे थे, जबकि नीचे यह खौफनाक वारदात हुई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नरेंद्र और काजल दोनों ही एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। काजल समय पर घर लौट आती थी, जबकि आरोपी अक्सर देर रात घर पहुंचता था। इसी दौरान उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था, जिससे दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात जब नरेंद्र घर लौटा तो उसने काजल को फोन पर बात करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पत्नी से फोन छीनने की कोशिश की, लेकिन मना करने पर उसने पास पड़े स्कार्फ से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
No comments