‘जो बोली से नहीं माना, वो गोली से मान गया’, कुशीनगर में गरजे सीएम योगी, बोले- कट्टा बनाने वाला यूपी अब ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कुशीनगर में ₹424 करोड़ से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश कट्टा और बम बनाने वालों की पहचान से जुड़ा था, लेकिन आज वही प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर अपनी सरकार का पक्ष रखते हुए कहा, “पहले शोहदे बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते थे। हमने इन शोहदों को ठीक किया है। जो ठीक नहीं हुआ, बोली से नहीं माना, वो गोली से जरूर मान गया।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।
₹424 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
कुशीनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क निर्माण, पुल, विद्युत उपकेंद्र, पुलिस बैरक, फील्ड हॉस्पिटल, आयुर्वेदिक चिकित्सालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
तमकुहीराज और फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 278 परियोजनाओं पर ₹424 करोड़ से अधिक की लागत खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
“कुशीनगर की तस्वीर बदल गई”
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9-10 वर्ष पहले कुशीनगर बीमारी, भुखमरी, बेरोजगारी और माफिया राज के लिए जाना जाता था। इंसेफेलाइटिस, खनन माफिया और किसानों के शोषण जैसी समस्याएं आम थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार ने हालात बदल दिए हैं।
उन्होंने कहा कि आज जिले में करीब 90 हजार गरीब परिवारों को आवास, 3.14 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है।
“मच्छर और माफिया दोनों का किया सफाया”
सीएम योगी ने कहा कि जिस तरह इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण पाया गया, उसी तरह माफिया राज को भी समाप्त किया गया है।
उन्होंने कहा, “मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी। हमारी सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।”
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज कुशीनगर की बेटियां और युवा पुलिस सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं और प्रदेश में आ रहे निवेश का लाभ उठा रहे हैं।
राम मंदिर और धारा 370 का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या में बने राम मंदिर और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ और देशहित में बड़े फैसले लिए गए।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद राम मंदिर का निर्माण कर सकती थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। वहीं समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वह “घोषित रूप से रामद्रोही” रही है।
“ब्रह्मोस से कांपता है पाकिस्तान”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेना दुश्मन पर ब्रह्मोस मिसाइल दागती है तो पाकिस्तान घबरा जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अब अपराध और अराजकता की नहीं बल्कि सुरक्षा, निवेश, विकास और रोजगार की पहचान बन रहा है।
लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र और चेक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट भी वितरित किए। मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बाल सेवा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
स्वयं सहायता समूहों को ₹13 करोड़ का चेक, मिलेट्स प्रोत्साहन योजना के तहत ₹10 लाख की सहायता तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
विकास की राह पर आगे बढ़ रहा कुशीनगर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है, जिससे क्षेत्र को भगवान महावीर की विरासत से जोड़कर नई पहचान दी जा सके।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास के लिए धन की कमी नहीं आने देगी और हर किसान, युवा, महिला तथा गरीब परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुशीनगर अब पिछड़ेपन की नहीं, बल्कि तेजी से विकास करने वाले नए उत्तर प्रदेश की पहचान बनेगा।
No comments