खान सर को ढूंढ रही पटना पुलिस… आज पटना कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं फैसल खान, फायरिंग मामले में सुरक्षा गार्डों के बयान पर दर्ज हुई FIR

Khan Sir Case : बिहार के पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में अब खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ और हिंसा की घटना के संदर्भ में फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ पर एफआईआर दर्ज की गई है।
बिहार पुलिस ने खान सर की तलाश तेज कर दी है और बताया जा रहा है कि वह अपने कोचिंग सेंटर में मौजूद नहीं हैं। उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है, और पुलिस उनके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। रात से ही खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
आज कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं खान सर
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को पटना कोर्ट में फैसल खान उर्फ खान सर अपना सरेंडर कर सकते हैं। इस बीच, पुलिस ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई थी। इसके बाद, गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के बयान के आधार पर फैसल खान को भी आरोपी बनाया गया है।

पटना पुलिस ने दो खान सर की कोचिंग के दो सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया
पुलिस ने बताया कि, जांच के दौरान एक वीडियो सामने आया जिसमें हवाई फायरिंग करते हुए दो लोग दिख रहे हैं। सत्यापन के बाद, खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उनके कब्जे से प्रयोग किया गया हथियार भी जब्त कर लिया गया है, जिसे अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस ने सभी छात्रों से अपील की है कि कोचिंग संस्थानों के बीच की प्रतिस्पर्धा के बीच किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खान ग्लोबल स्टडीज पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें संस्थान के निदेशक भी शामिल हैं।
No comments