“पति ऑस्ट्रेलिया में है…” दो साल तक झूठ बोलती रही पत्नी, प्रेमी संग रची हत्या की खौफनाक साजिश

गुजरात के जामनगर से प्यार, धोखे और हत्या की सनसनीखेज कहानी सामने आई है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और करीब दो साल तक परिवार को झूठ बोलकर गुमराह करती रही।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पृथ्वी का नीलेश मनसुखभाई कचेटिया नामक युवक से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते में पति जिग्नेश बाधा बन रहा था, जिसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोप है कि महिला और उसके प्रेमी ने जिग्नेश को शराब में जहरीला साइनाइड मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को दरेड इलाके की एक किराए की फैक्ट्री में 12 से 15 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया।
‘ऑस्ट्रेलिया गया है पति’ कहकर 2 साल तक करती रही गुमराह
हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने परिवार को बताया कि जिग्नेश काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसने बहाना बनाया कि कंपनी में मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। इसी झूठ के सहारे वह लंबे समय तक परिवार को धोखा देती रही।
देवर के सवाल से खुला हत्या का राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई अशोक ने ऑस्ट्रेलिया जाने की बात कहते हुए जिग्नेश की कंपनी का पता मांगा। पत्नी के जवाबों से शक बढ़ा और उसने पुलिस में शिकायत की बात कही। इसके बाद महिला टूट गई और उसने दो साल पुरानी हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में फैक्ट्री में खुदाई कराई, जहां गहरे गड्ढे से जिग्नेश के कंकाल के अवशेष बरामद किए गए।
फिलहाल पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
No comments