Recent Posts

Breaking News

फर्रुखाबाद में मानवता शर्मसार: चाचा ने 3 वर्षीय मासूम भतीजी से किया दुष्कर्म, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Farrukhabad : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली और रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 21 वर्षीय युवक पर अपनी ही 3 साल की मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घिनौनी वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया है। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

छत पर खेल रही थी मासूम, चाचा ने किया घिनौना कृत्य

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची की उम्र महज तीन वर्ष है। शनिवार देर शाम करीब 9 बजे वह अपने घर की छत पर अकेले खेल रही थी। घर के अन्य सदस्य नीचे थे। इसी दौरान मौका पाकर उसका 21 वर्षीय चाचा छत पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने मासूम को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

बच्ची के अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां और परिवार के अन्य लोग तुरंत छत की ओर दौड़े। परिजनों को आता देख आरोपी युवक मौके से भाग निकला। जब परिजन छत पर पहुंचे तो बच्ची गंभीर हालत में मिली। घटना को देखकर परिवार के होश उड़ गए।

सुबह थाने पहुंची मां, पुलिस ने कराया भर्ती

घटना के बाद परिवार काफी डरा-सहमा रहा। रात भर इंतजार के बाद रविवार सुबह करीब 5 बजे पीड़िता की मां अपनी बच्ची को लेकर नवाबगंज थाने पहुंची। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी चाचा के खिलाफ सुसंगत धाराओं, जिसमें पॉक्सो एक्ट भी शामिल है, के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस ने तुरंत पीड़िता को इलाज के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा बच्ची का मेडिकल परीक्षण किया गया और उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत अब स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सूत्रों का दावा है कि आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया है, लेकिन अधिकारी अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

इस पूरे मामले पर नवाबगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

No comments