‘जिम जाने से फुर्सत नहीं थी, प्रदेश के लिए समय कहां से मिलता’…CM योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और समाजवादी पार्टी की कार्यशैली को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुआ है। उन्होंने सपा पर परिवारवाद और गरीबों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
पुराने भवनों की तस्वीरों को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने पुराने और जर्जर भवनों को नए भवनों में बदलने के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग पुराने और जर्जर भवनों की तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं।
योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के इशारे पर ये वीडियो बनाए जा रहे हैं, वे भवन भी उन्हीं लोगों के कार्यकाल की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में बनाए गए नए भवन बेहतर शिक्षा व्यवस्था की दिशा में किए जा रहे बदलाव को दर्शाते हैं।
‘नकल मुक्त शिक्षा व्यवस्था की नींव तैयार’
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को नकल से मुक्त कराने और गुणवत्ता सुधारने की दिशा में काम किया गया है। उनके मुताबिक, शिक्षा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के युवाओं के स्केल और स्किल डेवलपमेंट पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ रोजगार और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
सपा के कार्यकाल पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके एजेंडे में गरीब कभी प्राथमिकता नहीं रहे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान परिवार के हितों को प्राथमिकता दी गई और जनता का शोषण हुआ।
योगी ने आरोप लगाया कि उस दौर में गरीबों की जमीनों पर कब्जे की शिकायतें सामने आती थीं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल थे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीब परिवारों के बच्चों को बुनियादी सुविधाएं तक आसानी से उपलब्ध नहीं थीं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते और स्वेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अखिलेश पर ‘बबुआ’ कहकर तंज
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने उनकी कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लोग करीब 18 घंटे काम करते हैं और योजनाओं पर लगातार चर्चा के बाद उन्हें जमीन पर लागू किया जाता है।
योगी ने तंज कसते हुए कहा कि “बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे, 2 बजे तैयार होकर शाम को जिम जाते थे।” उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में प्रदेश के लिए समय कहां से मिलता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकार के पास प्रदेश के विकास के लिए पर्याप्त समय नहीं था, जबकि मौजूदा सरकार का पूरा समय उत्तर प्रदेश के विकास और जनता से जुड़ी योजनाओं को लागू करने में लगाया जा रहा है।
No comments