Recent Posts

Breaking News

अब जमीन, गहने, संपत्ति और आय के साधनों का होगा सर्वे, नौकरी, मजदूरी संग कारोबार की जुटाई जाएगी जानकारी

हिमाचलियों की जेब में माल कितना है और लोगों की आर्थिक सेहत कैसी है? इसका पता लगाने को राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वे का आगाज हो गया है। मंडी, कुल्लू, लाहुल, कांगड़ा और चंबा में इस सर्वेक्षण के लिए स्थान चयनित कर लिए गए हैं। इस दौरान सर्वे में तैनात कर्मचारी लोगों के घरों में दस्तक देंगे और उनके पास मौजूद जमीन, गहने, संपत्ति सहित परिजनों की नौकरी, कारोबार तथा आय के साधनों की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। 

यह जानकारी गुप्त रखी जाएगी और इसका उपयोग देश सहित हिमाचलियों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए तैयार की जाने वाली नीतियों का निर्धारण करने के लिए किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में इस आर्थिक सर्वेक्षण अगस्त माह में ही किया जाएगा।  अगस्त में होने वाले सर्वे के लिए मंडी के शहरों में सुंदरनगर, सरकाघाट और नेरचौक शामिल हैं। कुल्लू के शहरों में मनाली, कुल्लू और निरमंड को शामिल किया गया है। जिला लाहुल स्पिति के ग्रामीण क्षेत्र पागमो खास शामिल हैं। इसके साथ मंडी कुल्लू में कुछ ग्रामीण क्षेत्र भी इसके लिए चिन्हित किए गए हैं।

जानकारी रहेगी गोपनीय

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय मंडी के सहायक निदेशक अमित कुमार ने बताया कि सभी नागरिक सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाएं। नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई सभी सूचनाएँ पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है

देख पाएंगे पहचान पत्र

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक एवं सर्वे प्रगणक चयनित ग्रामीण एवं शहरी परिवारों तथा प्रतिष्ठानों से निर्धारित प्रश्नावलियों के माध्यम से जानकारी एकत्रित करेंगे। सर्वेक्षण कार्य के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी विभाग द्वारा जारी अधिकृत पहचान-पत्र साथ रखेंगे तथा आवश्यकता पडऩे पर उसे नागरिकों को भी दिखाएंगे।

राज्य में होंगे ये सर्वेक्षण

भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय मंडी के मुताबिक अगस्त माह के दौरान आर्थिकी जाने के लिए सर्वे किए जाएंगे। इस सर्वे में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण तथा मूल्य सर्वेक्षण शामिल हैं।

No comments