Recent Posts

Breaking News

Health Insurance Scheme: 10 लाख परिवारों के लिए नई स्वास्थ्य बीमा योजना लाएगी सरकार

हिमाचल के दस लाख निर्धन परिवारों के लिए सुक्खू सरकार नई स्वास्थ्य बीमा योजना लाएगी। योजना के तहत 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा और यह सुविधा बहुत ही कम प्रीमियम पर उपलब्ध होगी। इस तरह की बीमा सुविधा उपलब्ध करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा। स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह खुलासा किया है। 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के गरीब परिवारों को इलाज की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है। इस नीति के अंतर्गत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा और यह सुविधा बहुत ही कम प्रीमियम पर उपलब्ध होगी। 

नई बीमा नीति के तहत प्रदेश के लगभग 10 लाख परिवार शामिल किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न वर्गों का समावेश होगा। नई बीमा पॉलिसी के तहत बड़े और उच्च स्तरीय अस्पतालों का सूचीबद्ध भी किया जाएगा। प्रदेश के निर्धन वर्ग के लोग धन के अभाव में बेहतरीन चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने से वंचित न रह जाएं, इसी दृष्टिकोण और ध्येय के साथ नई नीति का प्रारूप तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राथमिकता के साथ जिला अस्पतालों और सभी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कर रही है, ताकि लोगों को उनके घर के समीप ही बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके। सीएम सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एम्स, नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद सुनिश्चित की जाए। 

उन्होंने सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के रेडियोलॉजी विभागों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि लोगों को उपचार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। बैठक में महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्य सचिव केके पंत, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

No comments