नालागढ़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, बद्दी पुलिस ने दो महिलाएं की रेस्क्यू, होटल संचालक अरेस्ट

औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत सैणीमाजरा में होटल की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का बद्दी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल में दबिश देकर दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि होटल को लीज पर चला रहे एक व्यक्ति को मौके से काबू कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सैणीमाजरा स्थित भूपेंद्रा होटल में कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा है। एसपी बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देश पर विशेष पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान होटल से दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं होटल को लीज पर चला रहे मनप्रीत सिंह निवासी गांव व डाकघर हम्बोवाल बेट, तहसील समराला, जिला लुधियाना को पुलिस ने मौके से काबू कर लिया। पुलिस ने मनप्रीत सिंह के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना नालागढ़ में मामला दर्ज किया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होटल, स्पा अथवा अन्य प्रतिष्ठानों की आड़ में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
No comments