कैथल में विवाहिता ने किया सुसाइड, मरने से पहले लिखा दो पेज का सुसाइड नोट, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप
![]()
कैथल: पुंज मोहल्ले में करीब 24 वर्षीय विवाहिता ने जीवन लीला समाप्त कर ली. आत्महत्या करने से पहले लड़की ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपने पति सहित अन्य कई ससुरालियों पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया. इस संबंध में मृतका के परिजनों ने शहर थाना में शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
विवाहिता ने की आत्महत्या, नवंबर में शादी हुई थी शादी: मृतका के मामा बजरंग राज ने बताया कि "मेरी भांजी ज्योति की शादी नवंबर 2025 में नवीन नामक युवक के साथ हुई थी. शादी के दौरान हमने अपनी हैसियत के हिसाब से दान दिया. शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले उसे दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे. जिससे परेशान होकर भांजी ने सुसाइड कर लिया."
मरने से पहले लिखा दो पेज का सुसाइड नोट: मौत से पहले ज्योति ने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने दर्द की पूरी दास्तान बयान की है. ज्योति ने बताया कि कैसे उसके गरीब माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में सब कुछ दिया, लेकिन ससुराल वालों का लालच खत्म नहीं हुआ. लगातार मिल रही शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने ये खौफनाक कदम उठाया. मरने से पहले ज्योति ने लिखा कि 'मेरा सब कुछ छिन गया. अगर सच में दुनिया में गरीब के लिए न्याय नहीं है, तो गरीब की बेटियों की बलि चढ़ाना बंद की जाए.'
पुलिस मामले की जांच में जुटी: मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का साफ कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे. वहीं शहर थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि "मामले की सूचना मिलते ही कैथल सिटी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल सहित ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सुसाइड नोट के हिसाब से एफआईआर दर्ज की गई है."
No comments