Recent Posts

Breaking News

'मेरी फोटो डिलीट करो...', दिल्ली मेट्रो में CISF जवान ने चोरी-छिपे खींची महिला की फोटो, हंगामे के बाद सस्पेंड


Delhi Metro:
दिल्ली मेट्रो में एक CISF जवान पर महिला यात्री की कथित तौर पर बिना अनुमति फोटो खींचने का आरोप लगा है. घटना सामने आने के बाद, मेट्रो के अंदर यात्रियों ने जवान का विरोध किया. देखते ही देखते महिला और अन्य यात्रियों ने CISF जवान को घेर लिया और उससे मोबाइल फोन दिखाने को कहा. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में यात्रियों को जवान से सवाल करते और उसकी हरकत का विरोध करते हुए देखा और सुना जा सकता है.

मोबाइल गैलरी में मिलीं महिला की तस्वीरें

वायरल वीडियो में महिला और कुछ अन्य यात्री CISF जवान से उसका मोबाइल फोन दिखाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं. यात्रियों ने फोन की फोटो गैलरी चेक की, जहां कथित तौर पर महिला की तस्वीरें देखी गईं. इसके बाद यात्रियों ने जवान से तस्वीरें डिलीट करने की मांग की. वीडियो में महिला को भी गुस्से में अपनी तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहते सुना जा सकता है. इस दौरान, कोच में हंगामा बढ़ गया और कुछ यात्रियों ने जवान से फोन लेने की कोशिश की. वहीं, जवान फोन देने से बचता और वहां से निकलने की कोशिश करता दिखाई दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.

AIIMS मेट्रो स्टेशन के पास की घटना

एक प्राइवेट न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर AIIMS मेट्रो स्टेशन में हुई. वीडियो वायरल होने के बाद मामला CISF के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा. CISF की ओर से DMRC की CISF यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि महिला यात्री के साथ CISF कर्मी के कथित अनुचित व्यवहार से जुड़ा मामला सामने आया है. CISF ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और उच्च स्तर पर इसकी निगरानी की जा रही है.

जवान सस्पेंड, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

CISF ने बताया कि संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं. विभाग के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी के आधार पर मामले की जांच जारी है. घटना ने दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा और महिलाओं की निजता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. हालांकि, आरोपों की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

No comments