Recent Posts

Breaking News

पति से अलग रह रही महिला के दो प्रेमी बने मौत की वजह, Ex-Boyfriend ने जताया विरोध तो रची गई खौफनाक साजिश..

पति से अलग रह रही महिला के दो प्रेमी बने मौत की वजह, Ex-Boyfriend ने जताया विरोध तो रची गई खौफनाक साजिश..

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से रिश्तों, धोखे और हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार पति से अलग रह रही एक महिला ने अपने नए प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक को अपना पति बताने की कोशिश की, लेकिन जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई।पुलिस के मुताबिक सरायलखंसी थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पिछले करीब ढाई साल से अपने पति से अलग रह रही थी। वह अपने तीन बच्चों के साथ अकेले रह रही थी। इसी दौरान उसकी जान-पहचान एक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

नए रिश्ते की वजह से बढ़ा विवाद

कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। इसी बीच महिला की नजदीकियां मोहल्ले में रहने वाले एक अन्य युवक से बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब पहले प्रेमी को महिला के नए रिश्ते की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया और दूरी बनाने का दबाव डालने लगा। पुलिस का कहना है कि यही विवाद आगे चलकर हत्या की वजह बना।

किराए के कमरे में बुलाकर की हत्या

जांच के अनुसार महिला ने क्षेत्र में एक कमरा किराए पर लिया और किसी बहाने पहले प्रेमी को वहां बुला लिया। जब वह सो गया तो पहले से तय योजना के तहत दूसरा प्रेमी अपने साथी के साथ कमरे में पहुंचा।

आरोप है कि साथी ने उसे पकड़ लिया, जबकि महिला ने उसका सिर दबोच लिया। इसके बाद दूसरे प्रेमी ने चाकू से लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद महिला ने खुद पुलिस को फोन कर बताया कि उसके पति की हत्या हो गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को महिला की बातों पर संदेह हुआ। इसके बाद कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई, जिससे पूरा मामला संदिग्ध नजर आया।

कड़ी पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने स्वीकार कर लिया कि मृतक उसका पति नहीं बल्कि प्रेमी था। इसके बाद हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

पुलिस ने आरोपी महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं हत्या का मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार उस पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पूछताछ के दौरान महिला ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि रिश्तों में उलझना उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।

No comments