Recent Posts

Breaking News

सावधान! अक्टूबर में पूरे 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, तुरंत चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट.

 

Bank Holidays: सावधान! अक्टूबर में पूरे 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, तुरंत चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट


अक्टूबर 2026 में बैंक ग्राहकों को अपने ब्रांच से जुड़े जरूरी काम अब समय रहते ही निपटा लेने होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, अक्टूबर के महीने में अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग केंद्रों के हिसाब से कुल 16 दिन बैंक बंद रहने वाले हैं।


इन छुट्टियों में राष्ट्रीय पर्व, स्थानीय त्योहार, रविवार के साथ-साथ महीने के दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टियां भी शामिल हैं। हालांकि, यह बात ध्यान रखने वाली है कि ये सभी छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी, बल्कि राज्यों के हिसाब से अलग-अलग दिन बैंक बंद रहेंगे।

अक्टूबर महीने की छुट्टियों की पूरी लिस्ट

अक्टूबर के महीने में त्योहारों की भरमार है। महीने की शुरुआत यानी 2 अक्टूबर, शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के मौके पर देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर, रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण देशभर में बैंक शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा। महीने का दूसरा शनिवार होने के नाते 10 अक्टूबर को बैंक बंद रहेंगे, और इसी दिन कर्नाटक तथा पश्चिम बंगाल में महालया अमावस्या के कारण भी बैंक शाखाएं नहीं खुलेंगी। इसके अगले दिन यानी 11 अक्टूबर, रविवार को वीकली हॉलिडे रहेगा।

त्योहारी सीजन के आगे बढ़ने पर 17 अक्टूबर, शनिवार को महासप्तमी के अवसर पर त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 18 अक्टूबर को रविवार की छुट्टी रहेगी। इसके बाद 19 अक्टूबर, सोमवार को दशहरा, दुर्गा पूजा और महाष्टमी जैसे त्योहारों के चलते असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। 20 अक्टूबर, मंगलवार को विजयादशमी और दुर्गा पूजा के पावन पर्व पर अगरतला, अहमदाबाद, आइजोल, बेलापुर, बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, ईटानगर, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोच्चि, कोहिमा, कोलकाता और लखनऊ समेत देश के कई अन्य बैंकिंग केंद्रों में बैंक बंद रहेंगे।

इसके अलावा 21 अक्टूबर, बुधवार को विजयादशमी और दुर्गा पूजा के कारण असम, कर्नाटक, केरल, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। 22 और 23 अक्टूबर को दुर्गा पूजा और दशैन के कारण सिक्किम में बैंक बंद रहेंगे। महीने का चौथा शनिवार होने की वजह से 24 अक्टूबर को देशभर के बैंक बंद रहेंगे और अगले दिन 25 अक्टूबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। 26 अक्टूबर, सोमवार को लक्ष्मी पूजा, एक्सेशन डे और महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे। महीने के आखिरी दिनों में 29 अक्टूबर, गुरुवार को करवा चौथ के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, और 31 अक्टूबर, शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के कारण गुजरात में बैंक बंद रहेंगे।

छुट्टियां होने पर भी ऑनलाइन बैंकिंग रहेगी चालू

भले ही बैंक शाखाएं महीने में 16 दिन बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है क्योंकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं हमेशा की तरह सुचारू रूप से चालू रहेंगी। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) के जरिए आसानी से पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे और अन्य जरूरी डिजिटल काम भी पूरे कर सकते हैं। इसके अलावा एटीएम से कैश निकालने जैसी सुविधाएं भी सामान्य रूप से मिलती रहेंगी। हालांकि, चेक क्लियरेंस और बैंक ब्रांच के भीतर होने वाले कुछ विशेष काम छुट्टियों की वजह से प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए अपने जरूरी काम समय पर ही निपटा लें। 

No comments