Recent Posts

Breaking News

पहले जमुई, फिर समस्तीपुर, अब 'मुजफ्फरपुर' में बड़ा कांड; बिहार पुलिस की तैयारी कर रही लड़की से मारपीट, जबरदस्ती, फिर घर आ धमका और.!


जमुई और समस्तीपुर की खौफनाक वारदातों के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर से एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बिहार पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही 22 साल की लड़की के साथ सिरफिरे ने बदसलूकी की.


15-20 दिनो तक पीछा किया और जब युवती विरोध करने लगी तो गुस्से में अंध होकर उस शख्स ने सारी हदें पार कर दीं. मंगलवार को रनिंग प्रैक्टिस करके वापस घर लौट रही थी, तो रास्ते में उस मनचले ने उसे रोककर जबरदस्ती करने की कोशिश की. विरोध करने पर उसने लड़की के साथ मारपीट की. सिरफिरा उसके घर तक जा पहुंचा और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई. लड़की की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है जिसमें मारपीट, दुष्कर्म और परिवार को जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं.


वर्दी का सपना देख रही लड़की पर जानलेवा हमला

मुजफ्फरपुर की रहने वाली यह 22 वर्षीय युवती इन दिनों पूरी शिद्दत के साथ बिहार पुलिस कांस्टेबल परीक्षा की तैयारी में जुटी थी. फिजिकल टेस्ट पास करने के लिए वह रोज सुबह नियमित रूप से रनिंग करने जाती थी. लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी इस मेहनत और लगन पर किसी की बुरी नजर लग जाएगी. आरोपी रवि कुमार काफी समय से उसके रास्ते में आता था और उस पर शादी या प्यार का दबाव बना रहा था. लड़की के बार-बार मना करने के बावजूद उस सिरफिरे की हरकतें बंद नहीं हुईं और उसने खौफनाक कदम उठा लिया.

घर तक पीछा कर सिर पर मारा चाकू

मंगलवार को जब लड़की रनिंग के बाद अपने घर लौट रही थी, तब रवि कुमार ने उसे रास्ते में रोक लिया और अपने प्यार का इजहार करने का दबाव डालने लगा. जब लड़की ने कड़ा विरोध किया, तो उसने सरेराह उसके साथ मारपीट की. पीड़ित लड़की किसी तरह खुद को छुड़ाकर अपने घर पहुंची, लेकिन आरोपी की हिम्मत तो देखिए कि वह उसका पीछा करते हुए उसके घर के अंदर तक घुस आया. घर के भीतर उसने लड़की पर बेरहमी से हमला किया और उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

लोगों के आते ही दुम दबाकर भागा आरोपी

घर के अंदर जब आरोपी ने लड़की पर हमला किया और वह दर्द से चीखने लगी, तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए. भीड़ को जुटता देख और लोगों का गुस्सा देखकर आरोपी रवि कुमार की हवा टाइट हो गई और वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया. घायल हालत में लड़की को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस दुस्साहस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मनचलों में कानून का खौफ किस हद तक खत्म हो चुका है.

पुलिस ने दर्ज की गंभीर धाराओं में एफआईआर

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रवि कुमार के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. खास बात यह है कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में सिर्फ पीछा करने और मारपीट का ही नहीं, बल्कि रेप और उसके पिता व भाई को जान से मारने की धमकी देने जैसे बेहद गंभीर आरोप भी लगाए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

No comments