डनकी रूट से अमेरिका जा रहे थे तीन लोग, इथियोपिया में हो गया अपहरण, एक करोड़ की फिरौती सुन परिवार सन्न

नई दिल्ली. अमेरिका जाने का सपना हर किसी का होता है, लेकिन कई बार शॉर्टकट या डंकी रूट अपनाना जिंदगी पर भारी पड़ जाता है. गुजरात के मेहसाणा जिले से ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां अमेरिका के लिए निकले तीन लोग अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं.
परिजनों का दावा है कि इन तीनों को अफ्रीकी देश इथियोपिया में बंधक बना लिया गया है और इन्हें छोड़ने की एवज में खान नाम के किसी किडनैपर ने 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है.
कैसे शुरू हुआ अवैध सफर और कौन हैं पीड़ित?
लापता होने वाले तीनों लोग आपस में रिश्तेदार हैं. इनकी पहचान मेहसाणा के वडसमा गांव के रहने वाले रुत्विक जानसारी, मूल रूप से मेहसाणा की और हाल ही में अहमदाबाद में रहने वाली ममता चावड़ा और गांधीनगर की रहने वाली मयूरी के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, ये तीनों लोग एजेंटों के संपर्क में आकर 20 सितंबर को गैर-कानूनी या वैकल्पिक रूट से अमेरिका के लिए रवाना हुए थे. ममता के पिता कीर्तिभाई चौहान ने बताया कि ममता का पति चिराग कुमार करीब 6 महीने पहले ही स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका गया था. ममता भी अमेरिकी वीजा पाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सफलता न मिलने पर परिजनों ने एजेंटों का सहारा लिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खतरनाक सफर के लिए प्रति व्यक्ति करीब 70 से 75 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसके लिए भारी रकम एजेंटों को पहले ही दी जा चुकी थी.
इथियोपिया में अगवा कर मांगी जा रही फिरौती
पुलिस और परिजनों के अनुसार, 22 सितंबर को कीर्तिभाई की अपनी बेटी ममता से आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद से तीनों का कोई अता-पता नहीं है और उनका फोन बंद आ रहा है. ममता के पिता और रुत्विक के दादा कानूभाई जानसारी का दावा है कि ठंकी रूट से इथियोपिया पहुंचने के बाद इन तीनों को बंधक बना लिया गया है. अपहरणकर्ताओं ने इनकी रिहाई के लिए 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है. मेहसाणा जिले के लांघनाज पुलिस स्टेशन में ममता के पिता की शिकायत पर आधिकारिक तौर पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इंस्पेक्टर ए.एम. गहलोत के मुताबिक, मेहसाणा और वडोदरा के एजेंटों के जरिए इस पूरे अवैध सफर की योजना बनाई गई थी, जिसकी अब गहनता से जांच की जा रही है.
No comments