Recent Posts

Breaking News

'इतने बड़े क्रिकेटर जरा भी घमंड नहीं', लंदन में विराट कोहली से मिलकर गदगद हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम

'इतने बड़े क्रिकेटर जरा भी घमंड नहीं', लंदन में विराट कोहली से मिलकर गदगद हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम


ई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने लंदन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की. यह मुलाकात महज शिष्टाचार भेंट तक सीमित नहीं रही. दोनों के बीच खेल, महाराष्ट्र में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, सरकारी योजनाओं और युवाओं की प्रतिभा को निखारने जैसे कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. मुलाकात के बाद शिंदे ने विराट की जमकर तारीफ की और उन्हें बेहद जमीन से जुड़ा इंसान बताया.


बता दें कि विराट कोहली इन दिनों लंदन में हैं. इसी दौरान जब उन्हें पता चला कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी वहां मौजूद हैं, तो दोनों ने मुलाकात की. शिंदे ने इस मुलाकात को खास बताते हुए कहा कि विराट जैसे कद के क्रिकेटर से आमने-सामने बातचीत करके उन्हें काफी खुशी हुई.

'इतने बड़े क्रिकेटर होकर भी जमीन से जुड़े हैं'
एकनाथ शिंदे ने विराट कोहली की शख्सियत की तारीफ करते हुए कहा कि इतने बड़े क्रिकेटर होने के बावजूद उनमें किसी तरह का दिखावा नहीं है. उन्होंने विराट को भारत के सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटरों में शामिल बताते हुए उनके व्यवहार की सराहना की. शिंदे ने कहा, "विराट कोहली लंदन में रहते हैं और जब उन्हें पता चला कि मैं यहां हूं तो वह मुझसे सद्भावना मुलाकात के लिए आए. मुझे खुशी हुई कि इतने बड़े भारतीय क्रिकेटर और सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी इतने जमीन से जुड़े हुए हैं. हम पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन आज उनसे सीधे तौर पर हुई बातचीत से मुझे खास खुशी हुई." दोनों के बीच महाराष्ट्र में चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. शिंदे ने राज्य में जारी कई बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के बारे में विराट को जानकारी दी.

विराट ने भी महाराष्ट्र के विकास की तारीफ की
मुलाकात के दौरान शिंदे ने महाराष्ट्र की अलग-अलग योजनाओं और बड़े प्रोजेक्ट्स का जिक्र किया. इनमें एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित 'थर्ड मुंबई', अटल सेतु, बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग, कोस्टल रोड और मेट्रो जैसी परियोजनाएं शामिल थीं. इसके अलावा स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े काम पर भी चर्चा हुई. शिंदे के मुताबिक, इन विकास योजनाओं के बारे में जानने के बाद विराट ने भी महाराष्ट्र में हाल के वर्षों में हुए बदलावों की सराहना की. शिंदे ने कहा, "हमने इंफ्रास्ट्रक्चर और महाराष्ट्र में हो रहे विकास को लेकर बात की. विराट ने खुद कहा कि पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र में जिस तरह का विकास हुआ है, वह अभूतपूर्व है. मैंने उन्हें भविष्य की योजनाओं और फिलहाल चल रही इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के बारे में भी बताया."

सरकारी योजनाओं की भी हुई चर्चा
इस मुलाकात में महाराष्ट्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का मुद्दा भी उठा. शिंदे ने 'लाडली बहना' योजना और 'सरकार आपके द्वार' जैसी पहलों के बारे में विराट से चर्चा की. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र फिलहाल जीडीपी, स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी एफडीआई जैसे क्षेत्रों में देश में शीर्ष स्थान पर है. राज्य में हो रहे बदलाव और उसके लोगों की जिंदगी पर पड़ने वाले असर को लेकर विराट ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी.

युवाओं के टैलेंट पर विराट ने दिए सुझाव
विराट और शिंदे की बातचीत सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रही. दोनों ने देश की नई पीढ़ी और युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की. शिंदे ने कहा, "हमने इस बात पर भी चर्चा की कि नई पीढ़ी को प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किस तरह तैयार किया जाए और उनकी प्रतिभा को कैसे निखारा जाए. आखिर युवा ही हमारे देश का भविष्य हैं. विराट ने इस संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, जो निश्चित तौर पर महाराष्ट्र और पूरे देश के लिए फायदेमंद होंगे." इस मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने विराट कोहली के साथ हुई बातचीत को काफी सकारात्मक बताया.

वेस्टइंडीज के खिलाफ एक्शन में होंगे विराट
विराट कोहली की अगली परीक्षा घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में होगी. सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होगा. इस दौरान कोहली के पास अपने अंतरराष्ट्रीय शतकों की संख्या बढ़ाने का मौका होगा. उनके नाम फिलहाल 85 इंटरनेशनल सेंचुरी हैं. वनडे क्रिकेट में भी कोहली के आंकड़े उनकी निरंतरता की कहानी बयां करते हैं. उन्होंने 314 वनडे मैचों में 58.59 की शानदार औसत से 14,941 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 54 शतक और 79 अर्धशतक निकले हैं.

कोहली एक और बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं. उन्हें वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 59 रन की जरूरत है. ऐसा करने वाले वह दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज होंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में यह उपलब्धि हासिल करने का उनके पास शानदार मौका होगा.

No comments