'तुम दूसरी शादी कर लेना...' 6 साल के बेटे को लेकर 18वीं मंजिल से कूद गई महिला, पति के नाम छोड़ा भावुक संदेश

महाराष्ट्र के पुणे स्थित पिंपरी-चिंचवड़ में शुक्रवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई. यहां एक रिहायशी इमारत की 18वीं मंजिल से गिरने के कारण 33 वर्षीय महिला और उसके छह साल के बेटे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान एकता बंगड़ और उनके बेटे माधव के रूप में हुई है.
पुलिस को महिला के घर से 7 से 8 पन्नों का एक नोट मिला है, जिसके आधार पर घटना से जुड़े हालात की जांच की जा रही है.
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे सिग्नेचर पार्क स्थित एक आवासीय सोसायटी में हुई. एकता अपने पति मनोज बंगड़ और बेटे माधव के साथ यहां रहती थीं. मनोज पुणे की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एकता अपने बेटे को इमारत की 18वीं मंजिल पर ले गईं और वहां पैसेज से एक डक्ट में कूद गईं. दोनों को गंभीर हालत में पाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इस मामले में पुलिस को एकता के घर से 7 से 8 पन्नों का एक नोट मिला है. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस नोट में उन्होंने अपने पति के प्रति भावनाएं जाहिर की थीं और उनके जाने के बाद पति से दोबारा शादी कर अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने की बात कही थी. नोट में बेटे के भविष्य को लेकर उनकी चिंताओं का भी जिक्र बताया जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोट में एकता ने बेटे को अपने साथ ले जाने के फैसले के पीछे यह आशंका जताई थी कि उनके जाने के बाद बच्चा बार-बार मां के बारे में पूछेगा. उन्होंने यह चिंता भी जाहिर की थी कि बेटे के होने की वजह से उनके पति के लिए दोबारा शादी करना मुश्किल हो सकता है. हालांकि, नोट में लिखी बातों और घटना के बीच संबंधों की पुलिस जांच कर रही है. इन बातों को फिलहाल जांच के दायरे में ही देखा जा रहा है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एकता पिछले कई वर्षों से रीढ़ से जुड़ी बीमारी से जूझ रही थीं. बताया जा रहा है कि उन्होंने अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया और कई चिकित्सा संस्थानों से परामर्श भी लिया, लेकिन उनकी बीमारी का स्पष्ट निदान नहीं हो पाया था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और उससे जुड़ी मुश्किलों का जिक्र भी नोट में किया गया है. हालांकि, बीमारी और घटना के बीच क्या संबंध था, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस नोट में लिखी बातों और एकता के इलाज से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद वाकड पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों मौतों के संबंध में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है. घर से बरामद नोट को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. पुलिस घटना से पहले के हालात और अन्य सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
No comments