65 साल का दूल्हा, 20 साल की दुल्हन... तीन बच्चों के पिता ने रचाया दूसरा निकाह, आतिशबाजी के बीच घर आई नई बेगम

उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक निकाह इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है. यहां 65 साल के रफीक बाबा ने अपने से 45 साल छोटी 20 वर्षीय युवती से दूसरा निकाह किया है. खास बात यह है कि रफीक बाबा तीन बच्चों के पिता हैं और उनके नाती-पोते भी हैं.
पहली पत्नी के निधन के करीब 14 महीने बाद उन्होंने दोबारा घर बसाने का फैसला लिया. निकाह के बाद जब वह नई दुल्हन को लेकर घर पहुंचे, तो जमकर आतिशबाजी हुई और जश्न मनाया गया. अब इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के बड़ीहाट मोहल्ले में मकबरा चौराहे का है. यहां रहने वाले रफीक बाबा की पहली पत्नी का करीब 14 महीने पहले निधन हो गया था. उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं. तीनों की शादी हो चुकी है और उनके नाती-पोते भी हैं. पत्नी के जाने के बाद परिवार के सदस्य साथ होने के बावजूद उन्हें अकेलेपन का एहसास सताने लगा. इसी वजह से उन्होंने दोबारा निकाह करने की इच्छा परिवार के सामने रखी. बताया गया कि परिजनों ने भी उनके फैसले पर सहमति जता दी.
गुरुवार को रफीक बाबा ने शेखदहीर मोहल्ले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ निकाह किया. मौलाना ने निकाह की रस्म पूरी कराई. इसके बाद वह नई दुल्हन को लेकर अपने घर पहुंचे. इस मौके पर आतिशबाजी की गई और शादी का जश्न मनाया गया.
65 वर्षीय बुजुर्ग और 20 साल की युवती के निकाह का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है. उम्र के बड़े अंतर वाली इस शादी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
No comments