Recent Posts

Breaking News

हाथ में तख्ती, चेहरे पर थकान और मांगें... हिमाचल में 69 दिनों से शिक्षकों का अनशन जारी; गांधी जयंती पर थामी बापू की राह

हाथ में तख्ती, चेहरे पर थकान और मांगें... हिमाचल में 69 दिनों से शिक्षकों का अनशन जारी; गांधी जयंती पर थामी बापू की राह


राज्य ब्यूरो, शिमला। हाथ में तख्ती, चेहरे पर थकान और आंखों में मांगें पूरी होने की उम्मीद...। शिक्षा निदेशालय के बाहर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन शुक्रवार को 69वें दिन भी जारी रहा।


गांधी जयंती पर शिक्षकों ने विरोध का रास्ता भी गांधीवादी रखा। एक दिन का सत्याग्रह और उपवास किया।

शुक्रवार सुबह रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद शिक्षक चौड़ा मैदान स्थित अंबेदकर चौक पर दिनभर उपवास पर बैठे। शाम को चौड़ा मैदान से सीटीओ तक कैंडल मार्च निकालकर सरकार से मांगें पूरी करने की अपील की।

शिक्षकों ने सरकार से उनकी न्यायोचित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। शिक्षकों ने साफ किया कि 69 दिन बीतने के बावजूद समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। राजकीय प्राथमिक शिक्षा संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में राज्य, जिला और ब्लाक कार्यकारिणी के पदाधिकारी सत्याग्रह में शामिल हुए। सुबह 10 बजे गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उपवास शुरू हुआ।

आंदोलन को और तेज करने का एलान

शिक्षकों का कहना था कि वे टकराव नहीं, संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। इसी कड़ी में शाम को चौड़ा मैदान से सीटीओ तक कैंडल मार्च निकाला गया। संघ ने अब आंदोलन को और तेज करने का एलान किया है।

प्रदेशभर के शिक्षक और मिड डे मील वर्कर शनिवार से काले बिल्ले लगाकर काम करेंगे। यह विरोध मांगें पूरी होने तक जारी रखने की घोषणा की गई है। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला कार्यकारिणी, 143 खंडों के पदाधिकारियों और महिला विंग सहित करीब 1600 पदाधिकारियों ने भाग लिया।

68 विधायकों तक पहुंचाएंगे मांगों की आवाज

सरकार पर दबाव बढ़ाने के लिए संघ ने अब विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया है। शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।

11 जुलाई से शुरू हुआ संघर्ष

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का आंदोलन 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद तेज हुआ था। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना दिया गया और वहीं से क्रमिक अनशन शुरू हुआ।

69 दिन से शिक्षा निदेशालय के बाहर क्रमिक अनशन जारी है। गांधी जयंती पर उसी चौड़ा मैदान में सत्याग्रह और उपवास कर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री की ओर से धरना स्थल पर की गई घोषणा को जल्द पूरा करने की मांग दोहराई। प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर समाधान होने तक संघर्ष पूरी एकजुटता, अनुशासन और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।

शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय के बाहर क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लाक गलोड़ के अध्यक्ष शशि भूषण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि ठाकुर, सह सचिव सुरेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार और सदस्य राकेश कुमार शामिल हुए।

No comments