एयरपोर्ट की सीमा पिल्लर से लॉक होगी , PNB गगल से इच्छी चौक होते हुए बैदी गांव तक निर्धारित होगा अड्डे का दायरा

हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट ने अब फाइलों और अधिसूचनाओं से निकलकर जमीन पर रफ्तार पकड़ ली है। मुआवजा और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच प्रशासन ने अब एयरपोर्ट की नई सीमाओं को बाउंडरी बनाकर लॉक करने की तैयारी कर ली है।
मौजूदा एयरपोर्ट परिसर से आगे गगल बाजार के पीएनबी बैंक से इच्छी चौक होते हुए बैदी गांव तक बनने वाली यह बाउंडरी न सिर्फ एयरपोर्ट का नया दायरा तय करेगी, बल्कि इस मेगा प्रोजेक्ट के आगामी निर्माण कार्यों का स्पष्ट खाका भी पेश करेगी।
बाउंडरी पिल्लर लगने के बाद यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि नया एयरपोर्ट क्षेत्र कहां तक फैला है। एयरपोर्ट का यह विस्तार केवल रनवे की लंबाई बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तहत कई आधुनिक सहायक ढांचे और संपर्क मार्ग भी विकसित किए जाएंगे। इसमें मांझी खड्ड पर प्रस्तावित रनवे ब्रिज एक बेहद अहम पड़ाव है, जिसकी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं।
प्रशासनिक नियंत्रण के बाद थमेंगे नए निर्माण
प्रस्तावित क्षेत्र में बाउंडरी की स्पष्टता के बाद एयरपोर्ट की जमीन मौके पर आसानी से पहचानी जा सकेगी। इसका सबसे बड़ा प्रशासनिक फायदा यह होगा कि अधिगृहीत क्षेत्र में नए निर्माण और भूमि उपयोग पर पूरी तरह से अंकुश लगेगा। लंबे समय से चल रही कागजी प्रक्रियाओं के बीच, पीएनबी बैंक से बैदी तक बनने वाली यह बाउंडरी गगल क्षेत्र में एयरपोर्ट विस्तार की सबसे पहली और स्पष्ट भौतिक निशानी बनने जा रही है, जो आने वाले समय में यहां बड़े विकास कार्यों का रास्ता तैयार करेगी।
No comments