Chamba: सराहन में 350 को युवा सम्मान

Chamba: ग्राम पंचायत सराहन में रविवार को युवा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाजसेवी पवन कुमार की ओर से आयोजित समारोह में पंचायत की बुजुर्ग महिला रुहणी देवी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।समारोह के दौरान पंचायत के दायरे में आने वाले पांच स्कूलों के कुल 350 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि रूहणी देवी ने युवाओं को कठिन परिश्रम कर जीवन में सफल होने को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार के धन का दुरूपयोग किया जा रहा है। पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं से वंचित रखकर अन्य लोगों को लाभांवित किया जा रहा है, जोकि गलत है।
उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवार से संबंध रखने के बावजूद उन्होंने आज दिन तक पेंशन नहीं ली है। शारीरिक रूप से सक्षम होने के कारण वह आज भी मेहनत कर गुजर-बसर कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग सक्षम होने के बावजूद पात्र लोगों के हकों पर डाका डालने से भी गुरेज नहीं करते।उन्होंने युवाओं से समाज के गरीब वर्ग के साथ हो रहे किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का आह्वान भी किया। समाजसेवी पवन कुमार ने कार्यक्रम के दौरान ही पंचायत स्तरीय एक योजना की शुरुआत की, जिनमें पंचायत के ऐसे 20 परिवारों को चुना गया, जोकि अत्यंत गरीब हैं और डिपो से राशन तक ले जाने में सक्षम नहीं हैं। इन चयनित परिवारों को निःशुल्क राशन दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2020 में होने वाली गरीब बेटियों की शादी के लिए भी प्रति परिवार 5100 रुपए अनुदान दिया जाएगा। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं के अभिभावक, स्थानीय ग्रामीणों सहित पूर्व जिला परिषद बिधू राम और वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।
No comments