Chamba: Snapdeal से लॉटरी के नाम पर लगाया था हजाराें रुपए का चूना, पुलिस ने बिहार से दबोचा आरोपी

चम्बा: स्नैपडील से लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के नावादा शहर से गिरफ्तार किया गया है। उससे 5 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन व 72 हजार रुपए की नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा कुछ इंटरनैट बैंकिंग के यूजर नेम व पासवर्ड भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं।
बता दें कि बीते माह की 9 जनवरी को एक व्यक्ति ने किहार थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8 जनवरी को उसके फोन पर एक मैसेज आया। इसमें बताया गया कि उसे स्नैपडील से 12.80 लाख रुपए की लॉटरी लगी है। इस पर उसकेदस्तावेज बनाने के लिए कॉलर द्वारा कुछ राशि उसके खाते में डालने को कहा गया, जिस पर उसने 80 हजार रुपए कॉलर द्वारा बताए गए खातों में जमा करवा दिए लेकिन उसे लॉटरी के नाम पर कुछ नहीं मिला। इसके बाद उसे आभास हुआ कि उसकेसाथ ठगी हुई है और उसने पुलिस थाना किहार में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया। एसपी डॉ. मोनिका ने आरोपी की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया। इसमें मुख्य आरक्षी विनय कुमार, आरक्षी मेहर दत्त, आरक्षी उपेंद्र चोना व आरक्षी विक्रम कुमार (साइबर सैल) को शामिल कर आरोपी की तलाश के लिए बिहार भेजा गया। अन्वेषण के दौरान बिहार में अलग-अलग जगहों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान बिहार के नावादा जिला के वर्सिलीगंज के रहने वाले सनी कुमार (20) पुत्र जतन राऊत (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सीजेएम नवादा (बिहार) न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर चम्बा लाया गया।
चम्बा लाने के बाद आरोपी को जेएमआईसी चम्बा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी डॉ. मोनिका ने जनसाधारण को सूचित किया है कि यदि भविष्य में कभी भी आपकेफोन पर ऐसा कोई मैसेज आता है तो अपना ओटीपी शेयर न करें। इसके अलावा किसी भी प्रकार का कोई प्रलोभन व लॉटरी के लालच में न आएं ताकि आप होने वाले नुक्सान से बच सकें।
No comments