Recent Posts

Breaking News

Chamba: ककीरा-घटासनी सड़क से उखड़ी टारिंग

ककीरा-घटासनी सड़क से उखड़ी टारिंग

ककीरा घटासनी सड़क की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। ककीरा शिव मंदिर से लेकर लोकस्वर मंदिर तक तो सड़क से टारिग का नामोनिशान तक मिट चुका है। वर्तमान समय में सड़क किनारे मिट्टी तथा पत्थर के लगे ढेर भी सहज देखे जा सकते हैं। मलबा सड़क किनारे फेंकने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा धंस चुका है। ऐसे में जहां सड़क तंग हो गई है। वहीं, यहां पर हमेशा दुर्घटना होने का अंदेशा भी बना रहता है। ऐसा नहीं है कि मलबा फेंकने वालों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग सहित वन विभाग द्वारा कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती, लेकिन कार्रवाई के चंद दिनों बाद हालात वैसे ही बन जाते हैं।

यदि आगामी समय में भी इसी तरह से सड़क किनारे मलबे व पत्थरों के ढेर लगते रहेंगे तो सड़क बड़े बड़े गड्ढों में तबदील हो जाएगी। लोगों का कहना है कि ककीरा शिव मंदिर से लेकर लोकस्वर मंदिर तक सड़क पर सफर करने में हमेशा डर लगता है। उक्त मार्ग शार्टकट होने के कारण यहां से घटासनी, भराड़ी तथा डलहौजी नजदीक पड़ता है। ऐसे में अधिकतर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही इसी मार्ग से होती रहती है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे मलबा फेंकने वालों और सड़क को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि विभाग द्वारा इनके खिलाफ अभी से सख्त रवैया नहीं अपनाया जाता है तो आने वाले समय में उनके हौसले और भी बुलंद हो जाएंगे, जिससे सड़क को और नुकसान पहुंचेगा। सड़क किनारे मलबा तथा पत्थर सहित अन्य सामग्री फेंकना किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। 

इस संबंध में पहले भी विभाग द्वारा कार्रवाई अमल में लाई गई है। यदि कोई व्यक्ति सड़क को नुकसान पहुंचाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लोगों को भी यह समझने की जरूरत है कि सड़क को नुकसान पहुंचाने से उनका अपना नुकसान है।

नरेंद्र चौधरी, सहायक अभियंता लोनिवि ककीरा। यदि वन क्षेत्र में मलबे की अवैध डंपिग कर पेड़ों व पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शिवपाल वन परिक्षेत्र अधिकारी ककीरा।

No comments