Recent Posts

Breaking News

Mandi: हिमाचल में चिट्टे की सप्‍लाई करने वाला नाइजीरियन युवक बिना वीजा के दिल्‍ली से गिरफ्तार

हिमाचल में चिट्टे की सप्‍लाई करने वाला नाइजीरियन युवक बिना वीजा के दिल्‍ली से गिरफ्तार

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे पर लगाम लगाने के लिए रविवार को दिल्ली से चिट्टा सप्लायर नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक कुल्लू पुलिस से जुड़े एक युवा की ओर से दी गई गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उपरोक्त आरोपित नेश राम से 10.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ में पता चला कि वह पिछले दिन ही इस चिट्टे की खेप को दिल्ली में एक नाइजीरियन से लेकर आया था।

इसके बाद कुल्लू पुलिस की एक स्पेशल टीम ने रविवार को आरोपित नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया, जिसे कुल्लू लाया जा रहा है। जांच के दौरान आरोपित के पास कोई पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला है। बताया जा रहा है आरोपित भारत में गैर कानूनी तरीके से रह रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ फॉरनर एक्ट की धारा 14 के अंतर्गत भी कार्रवाई की है।

बताया जा रहा है आरोपित ने पिछले दो महीनों के अंदर 10 विदेशी नागरिकों को ड्रग्स की सप्लाई की थी। यह सभी विदेशी नागरिक अभी जेल में बंद हैं। आरोपित की पहचान 26 वर्षीय हेनरी वुचुव उर्फ मार्क पुत्र मैक्सवेल निवासी इमोस्टेट नाइजीरिया के रूप में हुई है। आरोपित पिछले छह साल से दिल्ली में रह रहा था।

हिमाचल पुलिस नशा माफ‍िया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है व बीते कुछ महीनों में कई नाइ‍जीरियन चिट्टर तस्‍करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। चिट्टा (हेराेइन) की जरा सी मात्रा मिलने पर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। इस कारण तस्‍करों में भी दहशत का माहौल है।


पुलिस की इस टीम ने की कार्रवाई

पुलिस की स्‍पेशल टीम ने पूरे योजना बद्ध तरीके से इस मिशन को अंजाम दिया। इस टीम में एएसआई श्याम लाल, हेड कांस्टेबल राजेश, विजय, शेखर, तरुण, कांस्टेबल मनोज, संदीप व गोपाल शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने भी टीम की इस कार्रवाई की तारीफ की है।

No comments