Hamirpur: अनुराग ठाकुर बोले, ट्रैक के लिए 100 करोड़ की अतिरिक्त राशि का प्रावधान
हमीरपुर – केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास की भावना से समाज कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। शुक्रवार को बड़सर की ग्राम पंचायत मोरसू में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भानुपल्ली–बिलासपुर रेल लाईन के निर्माण पर मौजूदा वित्त वर्ष में लगभग 420 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि गत वर्ष इस पर लगभग 380 करोड़ रुपए व्यय किए गए। इसमें 25 प्रतिशत व्यय राज्य सरकार की ओर से वहन किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऊना–हमीरपुर रेललाइन निर्माण के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर 25 प्रतिशत राशि वहन करने का आग्रह किया जाएगा। इस रेल लाइन का लाभ हमीरपुर के अतिरिक्त बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा व मंडी जिला के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा। ऊना–तलवाड़ा रेललाइन के हिमाचल के लगभग सात किलोमीटर लंबे भाग के लिए गत वर्ष भूमि अधिग्रहित कर ली गई है और इस पर अभी तक 58 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। इसके लिए लगभग 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया जा रहा है, जिसमें से 50 करोड़ रुपए इस वर्ष के लिए स्वीकृत करवाए गए हैं। अंब–इंदौरा रेलवे स्टेशन को और बेहतर करने तथा वहां यात्रियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, बिलासपुर एम्स के लिए भी केंद्र की ओर से उदार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
पड़ोसी राज्यों से ज्यादा
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल को केंद्र की ओर से समुचित वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। 15वें वित्तायोग की सिफारिशों के अनुसार केंद्र से 11,412 करोड़ रुपए के अतिरिक्त लाभ दिए जाएंगे, जो कि पड़ोसी राज्यों पंजाब व उत्तराखंड से अधिक हैं।

No comments