Hamirpur: वाह हमीरपुर! बाबा के दर्शनों को आने वालों को इस बार मिलेगा नाश्ता

उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मेले 14 मार्च से 13 अप्रैल तक मनाए जाएंगे। इस सिलसिले में उपायुक्त हमीरपुर एवं आयुक्त सिद्ध बाबा बालकनाथ मंदिर न्यास हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चैत्र मास मेले के आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं सहित लंगर की उचित व्यवस्था की जाएगी। इस बार दोपहर और रात को लगने वाले लंगर के अतिरिक्त सुबह-शाम नाश्ते की व्यवस्था भी की जाएगी। लंगर का समय सुबह 11.00 से दोपहर बाद 3.00 बजे और शाम 8.00 से रात 11.00 बजे तक रहेगा। इसके अतिरिक्त सुबह 7.00 से 10.00 बजे तक व शाम को 4.00 से 7.00 बजे तक नाश्ते की सुविधा दी जाएगी। मंदिर न्यास इस बार चैत्र मास मेलों के सीधे प्रसारण की व्यवस्था जिला मुख्यालय में भी करने पर विचार कर रहा है। इसके लिए चुनिंदा स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
जिलाधीश ने कहा कि इस साल सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और गृह रक्षक जवान नियुक्त किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से विशेष बसें भी चलार्ई जाएंगी।
No comments