Himachal: इसी महीने हिमाचल पहुंचेगी ऑस्ट्रेलिया की मेरिनो भेड़ें

प्रदेश में भी अब भेड़ों की उच्च गुणवत्ता की ऊन मिलेगी। सूबे के पशुपालक और किसान ऑस्ट्रेलिया की मेरिनो भेड़ों का पालन कर अपनी आर्थिकी का सुदृढ़ करेंगे। इसी महीने ऑस्ट्रेलिया की 200 मेरिनो भेड़ें हिमाचल पहुंचेगी। पिछले तीन महीने से इन भेड़ों को देश की राजधानी दिल्ली में रखा गया है। पशुपालन के क्षेत्र में हिमाचल में यह नई पहल है। इन भेड़ों से जहां उच्च गुणवत्ता की ऊन प्राप्त होगी, वहीं ऊन की मात्रा में भी वृद्धि होगी।
200 मेरिनो भेड़ों को मंडी जिला के नगवाईं स्थित भेड़ प्रजनन केंद्र रखा जाएगा। बता दें कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना के तहत तीन पर्वतीय राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भेड़ों में नस्ल सुधार, ऊन गुणवत्ता और ऊन उत्पादन में सुधार के लिए भेड़ों के आयात को स्वीकृति मिली। उत्तराखंड की भेड़ें पिछले साल नवंबर के महीने में आ गई थीं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पहले भेड़ों की जांच करेगी। रोगमुक्त पाए जाने पर ही भेड़ें नगवाईं लाई जाएगी।
पहले चार-पांच साल तैयार होगा ब्रीडिंग प्लान
ऑस्ट्रेलिया से लाई गई उच्च गुणवत्ता की भेड़ों को लगभग चार से पांच साल तक एक निर्धारित ब्रीडिंग प्लान के तहत प्योर लाइन और क्रॉस ब्रीडिंग कार्यक्रमों में उपयोग में लाया जाएगा। उसके बाद आधुनिक प्रजनन तकनीक के प्रयोग से उच्च कोटी के मेमने भेड़ पालकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ऑस्ट्रेलियन मेरिनो भेड़ें दिल्ली आ गई हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के विशेषज्ञ भेड़ों की जांच कर रहे हैं। इसी महीने ये भेड़ें हिमाचल पहुंचेंगी।
No comments