Himachal: हिमाचल के चार हजार युवाओं को नौकरी देंगी नामी कंपनियां

प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा मौका है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में शनिवार को दो दिवसीय रोजगार मेला शुरू हुआ। 30 निजी नामी कंपनियां प्रदेश के चार हजार युवाओं को रोजगार देंगी। पहले दिन 1100 युवाओं ने पंजीकरण करवाया। इनमें 250 बेरोजगार युवाओं का चयन किया गया।
रोजगार मेले के शुभारंभ पर नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल बतौर मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने कहा कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और नेशनल कॅरिअर सर्विसेस पोर्टल पर बेरोजगार युवा अपना पंजीकरण कर देश भर में रोजगार पा सकते हैं। रोजगार मेले में 30 नामी कंपनियां भाग ले रही हैं। इन कंपनियों ने दो दिन में लगभग 4000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा है।
रोजगार मेले के पहले दिन एक कंपनी की ओर से चयनित चार युवाओं तानिया नेगी, शंकर, अंजलि, हेमलता शर्मा के साथ एक अन्य कंपनी की ओर से चयनित दो युवाओं अजय और दिनेश को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी दिए गए। प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र शिमला के निदेशक शहजाद शरीफ ने कहा कि विभाग की विभिन्न गतिविधियों के बारे में युवाओं को अवगत करवाया जा रहा है।
मेले के दौरान होटल प्रबंधन संस्थान कुफरी ने युवाओं को नैपकिन सज्जा, पुष्प सज्जा के साथ बार टेंडर व्यवसाय के बारे में बताया। उप निदेशक रोजगार रमेश चंद ने बताया कि 18 वर्ष से 40 वर्ष के सभी 8वीं, दसवीं, 12वीं और डिप्लोमा धारक, आइटीआई एवं स्नातक डिग्री धारक एमबीए, बी फार्मेस, बीटेक और होटल प्रबंधन कोर्स करने वाले बेरोजगार युवा रोजगार मेले में भाग ले रहे हैं।
No comments