Himachal: रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी, तापमान में गिरावट से बढ़ी शीतलहर, नहीं हुईं उड़ानें

हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में शुक्रवार तड़के ताजा बर्फबारी हुई। मौसम खराब होने के चलते भुंतर से लाहौल के लिए हेलीकाप्टर उड़ाने नहीं हो सकीं। शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। तापमान में गिरावट आने से प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 13 फरवरी को बर्फबारी और बारिश होने का पूर्वानुमान है।
रोहतांग दर्रे में शुक्रवार को बर्फबारी होने से बारिंग हेलीपैड से यात्रियों को एक बार फिर मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। मूरिंग पंचायत के तहत बारिंग हेलीपैड के लिए दो दिन से उड़ान नहीं हो पाई है। शुक्रवार सुबह सरकार के पवन हंस हेलीकॉप्टर ने 20 यात्रियों के साथ भुंतर से बारिंग के लिए उड़ान भरी, लेकिन रोहतांग दर्रे व इसके आसपास खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर को वापस भुंतर आना पड़ा। उधर, कुल्लू घाटी में ताजा बर्फबारी से नेशनल हाईवे 305 को बहाल करने का काम फिर बाधित हो गया है।
No comments